ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा
(नया अध्याय)
बदल रही हैं अल्मोड़ा की व्यवस्थाएं, उन्नत हो रही हैं जिला चिकित्सालय की स्वास्थ सेवाएं।
अल्मोड़ाः पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा की स्वास्थ सेवाएं निरंतर सुदृढ़ हो रही हैं। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की प्रतिबद्धता का सीधा लाभ आम आम मरीजों को मिलने लगा है। चिकित्सालय में तैनात डॉक्टर अपने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए मरीजों के प्रति समर्पण और संवेदनशीलता का परिचय दे रहे हैं।
इसी क्रम में जिला चिकित्सालय में ईएनटी विभाग ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जागेश्वर निवासी 18 वर्षीय युवक, जो पिछले करीब छः वर्षों से कान के पर्दे की समस्या से जूझ रहा था, का जिला अस्पताल में दूरबीन विधि से कान के पर्दे का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोनिका सम्मल द्वारा किए गए इस सफल ऑपरेशन से यह स्पष्ट हो गया है कि अब नाक कान से संबंधित मरीजों को अब यहां से बाहर नहीं भागना पड़ेगा।
इसके साथ ही आज जिला अस्पताल में डॉक्टर मोनिका सम्मल ने एक छोटे बच्चे की नाक में फंसे जोंक को समय रहते सफलतापूर्वक बाहर निकाल कर उस बच्चे की जान बचाई। त्वरित चिकित्सकीय कार्रवाई से बच्चे को परेशानी से बड़ी राहत मिली। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने कहा कि यह हम सभी अल्मोड़ा वासियों के लिए अत्यंत खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय में काबिल और अनुभवी डॉक्टर अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे समर्पित और उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को शीघ्र ही सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनका मनोबल और अधिक बढ़े।
ये उपलब्धि इस बात का प्रमाण है जिला अस्पताल अब केवल एक रेफर सेंटर नहीं रहा,बल्कि यहां जटिल से जटिल मामलों का भी सफल उपचार संभव हो रहा है।उन्नत होती सुविधाएं, समर्पित चिकित्सक और जनसेवा की भावना, यह अल्मोड़ा की बदलती व्यवस्था और सशक्त होते स्वास्थ तंत्र की पहचान बन रही है।








