राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
_____________________
बदलता सच.
_____________________
थोड़ा प्यार भेजना मुझे
डटकर भेजना थोड़ा धिक्कार भी
जो कुछ भी महका इस जीवन में
जैसा भी महका, मुक्त ही उन्मुक्त ही महका
पत्थर भी दे ही देता है जगह फूलों को
झुलस गई चीज़ों पर भी बरसती है ओस
मेरे-तेरे जैसा रखा नहीं कुछ भेद मैंने
पारदर्शी रहा सबसे सब का सब
दृश्य के अदृश्य में करने को अक़्सर ही
था,बहुत कुछ था हद-बेहद जैसा
वर्जित और प्रतिबंधित प्रकारांतर से
एक तरफ़ डकारें थीं बेहद कायरतापूर्ण
दूसरी तरफ थीं पुकारती पुकारें
अनगिनत निर्बल-निर्मल-निच्छल पानी-पानी
जो कुछ थोड़ा बहुत करना था इस बीच
ज़ाहिर है कि कर नहीं सका संभव
उससे कुछ थोड़ा बहुत मरना था
जाहिर है कि मर नहीं सका थोड़ा भी
और अब आखिरी घंटी के धूमिल गूँजन में
समझ नहीं पा रहा हूँ इतना तक भी
कि किसे भेजूँ, कैसे भेजूँ लानत किस ओर
जीवन का होता नहीं है संस्करण दूसरा
हर आँख का हर आँसू पहला और अंतिम
सोचता हूँ और गिनता रहता हूँ बार-बार
उत्तर-दक्षिण सब हुआ जाता है अर्थहीन
अपनी ही दुर्बलताएँ घेरती हैं फिर-फिर
शायद इसी जीवन, इसी कविता का
नये सिरे से बदल रहा है सच.
_____________________
क्या छुपाते हैं वे?
_____________________
ये मत बताओ मुझे
कि अंततः क्या बताते लजाते हैं वे
चोर-बाजार में बेचते हुए अपना ईमान
अगर बताना ही चाहते हो जरा कुछ ज़रूरी
तो सिर्फ इतना, इतना भर बता दो भाई
खुशबू थे, फूल थे, फल थे वे जो भी
टूट गये, टूटते गये, बिखर गये सभी के सभी
कला नहीं, कलाकार नहीं फसल देखना
बिना किसी की भी कोई भी कसम खाये
आत्ममुग्ध आत्मालाप से कुछ बचते-रचते
और सही सलामत आत्म-संग्राम सहित
कि मुझ से, तुम से अपने तुच्छ इरादों में
सचमुच क्या छुपाते हैं वे?
_____________________
जरुरी-जरुरतों मुताबिक.
_____________________
भारत की लंपट राजनीति ने
जैसा कुछ लुंज-पुंज नागरिक बनाया मुझे
उसमें तो है नहीं जरा भी ताप और अकड़
मुझे चाहिए साहसभरा एकदम नया जँगल
जिसमें रहते हों शेर भी,चीते भी ढ़ेर सारे
मुझे नहीं चाहिए रीढ़हीन शाख जामुन की
मुझे चाहिए एक ऐसा नया नागरिक
जिसमें लोहा लेने का लोहा हो जरा थोड़ा
जो खड़ा हो सके खिलाफ़-हवा हर कहीं
और अपनो सहित कम से कम ख़ुद से भी
वक़्त-बेवक़्त की जरुरी-जरुरतों मुताबिक़
हो सके पुख़्ता मुक़ाबिल.
_____________________







