हरी राम यादव
बनघुसरा, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
असली भारत की सच्चाई
असली भारत गांवों में बसता,
नकली भारत बसता शहरों में।
नित बाधाओं से लड़ता रहता,
आगे बढ़ता रहता ऊंची लहरों में।।
लिखता रोज कहानी अपनी,
पर गुम हो जाती अंधे बहरों में।
कोई न उसकी सुनने वाला,
सुनने वाले बैठे खुद पहरों में।।
बात करेंगे उन गांवों की क्या,
जिन गांवों के घर बेघर हैं।
साधन सुविधा सब कागज में,
ग्राम देवता बेचारे बेपर हैं।।
बहुत बहायी गयी है बयार,
विकास की अपने गांवों में।
पर एक बर्षा होते चलना पड़ता,
सड़कों पर चढ़कर नावों में।।
आज बनी सड़क कोलतार की,
कल फिट भर गड्ढा बन जाता ।
हरी, कहें व्यथा किस से अपनी,
सब कोई एक जैसा नजर आता।।
शौचालय की सौगात बंटी खूब,
मालामाल हुए बनवाने वाले।
कागज में भारत स्वच्छ बना,
पर शौचालय में जड़े हुए ताले।।
ताल बन गए अमृत सरोवर,
पर उसमें पानी की बूंद नहीं।
क्या गजब की कारस्तानी है,
इस कारस्तानी की मूंद नहीं।।
क्या हाल बताऊं अपनी खेती का,
फसलों का मिलता मोल नहीं।
माल काट रहे हैं बिचौलिए,
जिनके पग लगती धूल नहीं।।
दिन दिन भर खेती में खपते,
पत्नी,बेटा, बेटी और बाप ।
पर जीवन में सुविधा साधन,
नदारद जैसे कम कपड़ों में नाप।।
शहरों में सब पैसों के संबंध,
सुगंध बसी अपनों की गांवों में ।
बातचीत और किस्से कहानी,
मिलते बूढ़े पे़डों की छावों में।।
क्या कहूं असली भारत की सच्चाई,
यह रचती बसती है बस वादों में।
कागज में गज भर में है फैली,
पर धरती पर केवल संवादों में।।







