डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
सजल
मात्रा भार – 16
समांत – एश
पदांत-चाहिए
हमको अपना देश चाहिए।
वही सनातन वेश चाहिए।।
‘धरा एक परिवार’ निराला।
पुनि ऐसा संदेश चाहिए।।
रहे सदा ही भाई-चारा।
नहीं आपसी क्लेश चाहिए।।
पूजनीय हो प्रकृति सदा ही।
निर्मल अब परिवेश चाहिए।।
प्रजातंत्र का पालक-प्रेमी।
सेवी एक नरेश चाहिए।।
सबका हो कल्याण निरंतर।
नहीं कष्ट अब लेश चाहिए।।
राष्ट्र-प्रेम के विमल भाव का।
उर में पूर्ण प्रवेश चाहिए।।
…………………………….
प्रेम की दीवानगी
जितने दूर हुए तुम तन से,
उतने मन के पास हुए।
प्रेमी के भूगोल न होते,
प्रेमी तो इतिहास हुए।।
जब मन कहता तुमको पाता,
तुम मेरे हृद-वासी हो।
अंतर्मन की शोभा तुम हो,
तुम प्रेमी अविनासी हो।
तुमको अंतर्मन में पाकर-
कभी न भाव उदास हुए।।
प्रेमी तो इतिहास हुए।।
मेरा प्रेम निराला-अद्भुत,
कभी नहीं जग को दिखता।
प्रेम सदा अध्यात्म रूप है,
कभी न सोने से तुलता।
तुम दैवी अदृश्य भाव हो-
तुम तो बस अहसास हुए।।
प्रेमी तो इतिहास हुए।।
सागर की लहरों में तुम हो,
तुम रवि-शशि की किरणों में।
सकल ज्ञान की ज्योति तुम्हीं हो,
भाषा-अक्षर-वर्णों में।
दूर दृष्टि से होकर फिर भी-
सदा मुझे आभास हुए।।
प्रेमी तो इतिहास हुए।।
गंध पुष्प की जब भी पाऊँ,
तुम्हीं महकते मुझे मिले।
भौरों के गुंजन में तुम ही,
मुझको विधवत मिले ढले।
कैसे तुम्हें बताऊँ प्रियवर-
तुम मेरे विश्वास हुए।।
प्रेमी तो इतिहास हुए।।
.……………………………..
रंगों का त्योहार
रंगों का त्योहार होलिका,
मिलजुल कर सब लोग मनाओ।
राग-द्वेष का भाव त्याग कर,
इक-दूजे को गले लगाओ।।
हरे-गुलाबी, लाल-बैंगनी,
होते रँग हैं सारे प्यारे।
प्रेम-नीर में ये सब घुलकर,
बन जाते हैं न्यारे-न्यारे।
समरस इनको आज बनाकर,
मानवता का रूप सजाओ।।
इक-दूजे को गले लगाओ।।
होली का दिन अति पावन है,
ऊँच-नीच का भेद मिटाए।
सूखे – गीले पतवारों को,
हवन-अग्नि का तेज जलाए।
रंगोत्सव के शुभ अवसर पर,
गीत फागुनी मिलकर गाओ।।
इक-दूजे को गले लगाओ।।
ढोल- मजीरा, गीत फागुनी,
ले बहार आती है होली।
नाचें – गाएँ लोग झूमकर,
हर्षित बोलें मधुरी बोली।
मस्ती का त्योहार निराला,
इसे बना दुख दूर भगाओ।।
इक-दूजे को गले लगाओ।।
यह उपदेशक भक्ति-भाव का,
सदा मिटाए दूरी मन की।
औषधि बनकर रँग भी सारे,
पीर मिटाएँ पूरी तन की।
गोरे – काले दुश्चिंतन को,
आज सभी मिल शीघ्र जलाओ।।
इक-दूजे को गले लगाओ।







