प्रो. (डॉ.) मंजू वर्मा (रिटायर्ड प्रोफेसर)
पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़
(नया अध्याय, देहरादून)
होली विशेषांक
फाग के राग रगों के उत्सव में गाये जाने वाले पारम्परिक लोक गीत हैं जो कि विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में ढोल मंजीरे के साथ गाये जाते है। इन्हें शास्त्रीय संगीत और उपशास्त्रीय संगीत के रूप में भी गाया जाता है। इन गीतों में होली के रंगों के साथ साथ प्राकृतिक सौंदर्य और राधा कृष्ण के प्रेम का वर्णन किया जाता है। ऐसे ही भारत के कई प्रदेशों में पारम्परिक रूप से रंगों के उत्सव को एक सप्ताह तक मनाया जाता है। इसे फाग उत्सव भी कहते हैं। जैसे जयपुर में राधा कृष्ण की वेशभूषा में कलाकार होली खेलते हैं। यह वसंत ऋतु के गीत हैं जो फागुन के महीने में होने वाले रंगोत्सव पर एक दूसरे पर रंग या गुलाल डालते हुए गाये जाते हैं। फाग गीतों को गाने से भगवान कृष्ण और राधा रानी प्रसन्न होते हैं। फाग गीतों के बिना होली का त्योहार अधूरा माना जाता है।
राज सर के होते मुझे तीन बार उत्तर प्रदेश की होली का त्योहार मनाने का अवसर मिला। एक बार आगरा और मथुरा की ब्रज भूमि पर और एक बार सीतापुर में होली खेलने का मौका मिला जिस की यादें आज भी अविस्मरणीय है। वर्षों से उन यादों में कैद मेरा उचाट और व्यथित अन्तर्मन जब तड़पता है तो रंगोत्सव के फाग गीत भी राज सर के वियोग में मुझे विरह के राग लगते हैं। इसी भावना को लेकर मैंने अपनी यह कविता लिखी है।
फाग के राग
जन-जन के मुख से
गूंज रहे फाग के राग
लगते हैं जैसे विरह के राग
मत छेड़ो फाग के राग
सखी, मत छेड़ो फाग के राग!
उमड़ रहा तन्हा हृदय में
मेरे प्राण-प्रिय का प्रेम
छूट गया जो बरसों पहले
उचट रहा मेरा चंचल मन
छलक पड़ा है अश्रु बनकर
मेरे दर्द का सैलाब
मत छेड़ो फाग के राग
सखी, मत छेड़ो फाग के राग!
कर रहा प्रहार राग
धधक रहा ज्वाला है बनकर
हो रहा है घायल मन
हो रहे उन्मुक्त भाव
हो रहा जग-जाहिर प्रेम
हो रहा बेनकाब अंतर्मन
मत छेड़ो फाग के राग
सखी, मत छेड़ो फाग के राग!
जैसे बेरंग मेरा जीवन
बेरंग ही है मेरा दामन
ना करो इसे रंगदार सखी
ना करो अट्टहास
होगा यह परिहार प्रेम का
होगा यह परिहास सखी
मत छेड़ो फाग के राग
सखी, मत छेड़ो फाग के राग!
यह कविता मेरे काव्य संग्रह “तुम अगर होते” में संकलित की गई है







