संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित।
आगर-मालवा: मध्यप्रदेश में भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला आगर-मालवा में भूकंप आपदा जोखिम प्रबंधन एवं ध्वस्त ढांचा खोज एवं बचाव (CSSR) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति यादव तथा जिला सेनानी एवं नोडल अधिकारी श्री विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के तत्वावधान में प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
मधुबन गार्डन, आगर-मालवा में आयोजित इस प्रशिक्षण में एनजीओ, सीडीवी होमगार्ड एवं एसडीआरएफ सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के कुल 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसएलआर, श्रीमती प्रीति चौहान की उपस्थिति में हुआ, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सेनानी श्री विक्रम सिंह ने की। विशेष अतिथि के रूप में एनडीआरएफ 11वीं बटालियन के कंपनी कमांडर श्री नीलेश दिवानिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भूकंप जैसी आपदाओं के समय अपनाई जाने वाली सर्च एंड रेस्क्यू तकनीक, ध्वस्त संरचनाओं में खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) तथा सीपीआर संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण एनडीआरएफ 11वीं बटालियन के कंपनी कमांडर श्री नीलेश दिवानिया, प्लाटून कमांडर सुश्री कविता सोलंकी, होमगार्ड, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ टीम के संयुक्त प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को वेलकम किट प्रदान की गई। अंत में प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।







