सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/ लेखिका/ शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति
गोबरा नवापारा (राजिम)
रायपुर (छ.ग.)
(नया अध्याय, देहरादून)
लेख –
जैसे बारिश की बूंदें सूखी धरा को फिर से हरा-भरा कर देती हैं, वैसे ही हँसी भी जीवन को ताजगी और ऊर्जा से भर देती है.
-सुश्री सरोज कंसारी
___________________________________________
हँसी, जीवन के अंधकार में उजियारे की किरण है, जो मन के कोनों में छिपे भय और निराशा को दूर कर देती है, और आत्मा को पुनः जीवंत कर देती है। जीवन की इस यात्रा में, उतार-चढ़ाव तो आते ही हैं, लेकिन हमें अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए दृढ़ संकल्पित रहना होगा…यह ज़िन्दगी की राह में, कांटे तो बहुत-से हैं।अगर जीना है तो उसे हटाते हुए बढ़े चलें…! निर्भर होकर, तभी शिखर तक पहुंच पाएंगे। नाजुक पांव जब जख्मी होता है तो लहू की हर बूंद हमे ज़िन्दगी का मकसद देती है। हर लम्हा गमगीन है, पर,उत्साहित होने के लिए किसी कारण की आवश्यकता नहीं! निराशाओं के साथ जीना व्यर्थ है, खुश रहकर हर लम्हा गुजारो।
तकलीफ तो होती है…यदि हम हर बात को लेकर बहुत सोचते हैं, परिवर्तन को स्वीकार नहीं करते, इच्छाओं को नियंत्रित नहीं कर पाते तब। खुश रहने के लिए बड़ी-बड़ी ख्वाहिश मत किजिए, बस दिल जो कहें उसे बेझिझक किजिए।
संघर्ष के पथ में हम मजबूत बनते हैं और सहन नहीं कर सकते तो हम जरा सी आंधी आने पर अस्त-व्यस्त हो जाते हैं। अपने मनोबल को हर स्थिति उच्च रखिए, नहीं तो मानसिक रूप से दबाव देकर आपको कमजोर बनाने वाले की कमी नहीं है। हम प्रेम, सदाचार, संस्कार, मर्यादा और संयम से रहकर ही एक सुंदर संसार बना सकते हैं।
काल्पनिक जीवन से निकालिए, जितना हम ख्वाब देखते हैं उतने ही दुखी होते हैं, बस हर एक पल को खूबसूरत बना लिजिए अपनी सोच से झोपड़ी को महल समझिए, जो भी आपके पास हैं परिवार मित्र रिश्ते नाते उसे कीमती मानिए। कम में भी संतुष्ट रहिए, लेकिन एक दूसरे को भरपूर प्यार देकर परवाह करके उनकी भावनाओं को समझकर प्यारा सा एहसास दिजिए।
एकदम गंभीर मत रहिए, जहां जब मौका मिले हंसिए, खेलिए, झूमकर नाचे, अपने दिल की बात खुलकर कहिए, दूसरों को सिर्फ खुशी दिजिए, भूल जाइए उन लोगों की बातों को जो नफरत पूर्ण व्यवहार से दिल दुखाते हैं, अपने तरफ से हर किसी को मित्रवत व्यवहार दिजिए।
पंक्तियों में बहुत ही सकारात्मक संदेश:
हँसते-गाते इन लम्हों को,
जी भर के तुम जीना सीखो,
यह मुस्कुराहट सदा तुम्हारी,
गम के हर पल को पीना सीखो।
हकीकत में रहिए और देखिए कितने काम अधूरे हैं? उसे पूर्ण करने में लग जाइए। अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बोध जरुरी हैं। किसी भी क्षेत्र में समर्पित रहने और जिम्मेदारी का निर्वहन करने के लिए पहले हमें चरित्र का निर्माण, बल, बुद्धि, साहस और धैर्य के साथ खड़े रहना है।
अपनी कमी पर ध्यान दिजिए, उसे सुधारिए, और कोई बेवजह आपके विरोध में खड़े हो तो जब तक आप सहन कर सकते हैं किजिए, कोई आपके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाए, हर वक्त आपके सरल स्वभाव का अपमान करें तो जवाब जरूर दिजिए। हर इंसान की अपनी हुनर, योग्यता हैं, किसी के अनुसार नहीं, सर्वहित में कार्य करते रहिए।
बिना हिम्मत किए आप कोई भी लक्ष्य प्राप्त नहीं कर सकते। जीवन आपका हैं, अपने दिल, दिमाग और विचार का स्वतंत्र और सही दिशा में उपयोग किजिए। कोई आपके कमजोरी को जानकार तोड़ने की कोशिश करे, ऐसा कोई अवसर मत दिजिए, तुम यहां हंसकर जीने और मनुष्य जीवन को सफल बनाने आएं हो, बेवजह के बातों से दूर रहिए।
अपनी मानसिकता को किसी के बेवजह सोच का गुलाम मत बनने दिजिए। अपने हिस्से की जिन्दगी जीने का और खुद को जिस क्षेत्र में योग्यता हैं, प्रदर्शित करने आपको पूरा अधिकार हैं। कितनी भी चालाकी किजिए, ज्यादा किसी के प्रति बुरा भाव रखकर आप सुकून की जिंदगी नहीं जी सकते। चाहें कैसी भी परिस्थित हो, हर द्वंद से निकलकर दिल से जुड़िए जीवन के हर एक पल से।
जब तक हम शारीरिक, मानसिक, आर्थिक, सामाजिक, पारिवारिक, चारित्रिक दृष्टि से शक्ति संपन्न नहीं होंगे, किसी न किसी बहाने से गिरते डगमगाते और बिखरते रहेंगे। मानसिक यातना जीवन के हर सुख छीन लेती हैं। किसी को कभी बेवजह दबाव मत दीजिए।
आप खुद को किसी की नजर में उठाना चाहते हैं और सही साबित होना चाहते हैं तो उसके लिए छल, बल, ईर्ष्या, षड्यंत्र का सहारा मत लिजिए। जिसके काम अच्छे होते हैं, जिनमें मानवीय गुण और जीने का सलीका और कहने का ढंग सही होता है, उनके सामने स्वमेव शीश झुक जाते हैं।
जब तक अंदर से आप अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानेगे नहीं, दुनिया की चुनौतियों का सामना नहीं कर पाएंगे। किसी के प्रति नफरत, क्रोध भाव शरीर और मन को खोखला कर देती हैं। खुद की कमी को स्वीकार कर लेने से जीवन व्यवस्थित होता है, व्यक्तित्व में निखार आता है।
अनदेखी करने से नुकसान होता हैं। हम इंसान हैं तो दिल की गहराई में झांके और महसूस किजिए, किसी को छोटा समझकर हम बड़े नहीं हो जाते, सलाह देकर महान नहीं हो जाते। बस सहयोग किजिए जितना कर सकते हैं। अधूरी ख्वाहिश, बिखरी भावनाएं, छोटी सोच हमेशा उदास करती हैं, इसलिए मानसिक संतुलन जब तक नहीं बनाएंगे, लोग हमें विचलित करते ही रहेंगे।
जीवन के इस संग्राम में हर पल योद्धा बन डटे रहिए, हार होगी ये सोचकर पीछे मत भागिए। जीवन के हर पग पर कठिनाई आती हैं, सामना किजिए। किसी को नुकसान पहुंचाना आपका उद्देश्य न हो, सर्व हित में आगे बढ़ने पर दुविधाएं कभी-कभी राह से भटका देती हैं, लेकिन दृढ़ संकल्पित होकर चलते रहिए।
कहाँ जाना हैं, किससे मिलना हैं, कौन अपने हैं, इसकी पहचान किजिए। बस दौड़िए मत, धीरे ही सही पर कोशिश करते रहिए। कभी-कभी हमें निर्णायक की भूमिका में भी रहना पड़ता हैं, बिना किसी संदेह के सत्य का साथ देते रहिए।
अगर आपका कार्य, व्यवहार और भाव सही हैं तो आपको बहुत मंजिल तक पहुंचने आसानी होगी। मत कठोर बनिए, विनम्र होकर सभी को अपना बनाइए। मेहनत पर, अपने कर्म पर विश्वास किजिए, ज्यादा सोचते रहने से समय और शारीरिक, मानसिक ऊर्जा नष्ट होती हैं।
ज्यादा चिल्लाने से सच झूठ नहीं हो जाता। सत्य अपने आपमें एक अदभुद शक्ति हैं। जैसे दिन से रात का होना तय हैं, वैसे ही एक दिन गलत का परिणाम मिलता ही हैं। कब तक छल के बल पर अपनी शौहरत बनाए रखेंगे? बेवजह किसी के पीछे वही लगते हैं, जिनमें कुछ करने की सामर्थ्य तो नहीं होती, पर षडयंत्र से वे जीत हासिल करना चाहते हैं।
जिस कार्य व्यवहार से किसी का भला नहीं हो सकता, जिसे कहने और करने से जीवन में कोई सही परिणाम नहीं मिलना हैं, ऐसे कार्य के लिए बेवजह मेहनत मत किजिए। अपनी समस्त शक्ति का प्रयोग सही उद्देश्य के लिए किजिए। जिससे मानसिक शांति नष्ट हो, उस कार्य में अपनी ऊर्जा बर्बाद मत किजिए।
बेवजह उपदेश मत दें, हर अगर कर सकते हैं तो उसके दुख को कम करने में आगे आइए। बहस, झगड़े, विवाद, मत किजिए, जुड़ने की उन्हें वजह दिजिए। ताना देना, किसी से ईर्ष्या, किसी कमजोर लोगों को सताने, उपेक्षित करने से उनकी नजर में आपकी कोई महत्व नहीं रह जाता, दे सकते हैं तो सम्मान दे।
अपने रूप, रंग, पद, प्रतिष्ठा और यौवन का घमंड करके जायेंगे कहाँ ? सब इंसान हैं, जैसे हैं, बहुत सुंदर हैं, अपने कर्म का फल सभी पाएंगे। पारिवारिक कलह को बढ़ावा देना, राष्ट्र विरोधी कार्य, कर्ज लेकर वापस न करना, ये मनुष्य के जीवन को पूरी तरह बर्बाद कर देते हैं।
किसी से ठगी, धोखा देना, झूठ बोलना, चोरी, किसी सामाजिक, धार्मिक संगठन को तोड़ने का प्रयास, क्रोध, बहाने, आलस्य, किसी निर्दोष पर दबाव बनाकर अपना स्वार्थ सिद्ध करना, ईर्ष्या, जरूरत से ज्यादा सोचना, औरों से उम्मीद करना, हकीकत से भागना, हिंसक कार्य, हत्या, मारपीट, दंगे करना, दुर्व्यवहार, निंदा, किसी को गलत कार्य के लिए उकसाना, कठोर और अप्रिय भाषा का प्रयोग, दोहरी बाते करना, दूसरे का अपमान, हमेशा कमी निकालना, खुद, सही कहना, किसी का सम्मान न करना, ये सब ऐसी आदतें हैं, जिससे करने का कोई औचित्य नहीं, किसी को लाभ नहीं, सिर्फ अशांति होती हैं। पछतावा होता है, शर्मिंदा होना पड़ता है। छवि धूमिल होती है।
जब हम दुखों, चिंताओं या काम के बोझ से थक जाते हैं, तब ‘हँसी’ उस बारिश की तरह काम करती है। यह हमारे मन की थकान मिटाकर हमें अंदर से तरोताजा कर देती है और आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा देती है।
__________________________________________







