संवाददाता आगर मालवाः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित लेबर बढ़ाकर कार्यों को समय पर पूरा करें- कलेक्टर श्रीमती यादव।
आगर मालवा : कलेक्टर श्रीमती यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगरीय विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं, विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की नगरीय निकायों में संचालित निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं तथा शासन की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन कार्यों की प्रगति धीमी है, वहां आवश्यकतानुसार लेबर की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि कार्यों में गति लाई जा सके और आमजन को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में नगरीय क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन, अमृत योजना एवं अन्य विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अमृत योजना एवं कायाकल्प 2.0 की अंतर्गत अपूर्ण कार्य को अविलंब पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्र में जलप्रदाय व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्यों को बिना देरी के पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। जो ठेकेदार समय पर कार्य पूर्ण नहीं करें उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
बैठक में एसडीएम एवं प्रभारी परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण श्री मिलिंद ढोके, नगर पालिका सीएमओ कुशल सिंह ड़ोढ़वे सहित सभी नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।







