संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय)
आयुष्मान कार्ड प्रगति में लापरवाही पर डीएम सख्त, कई ब्लॉकों को चेतावनी।
कन्नौजः कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कम प्रगति वाले ब्लॉकों पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 1,65,648 पात्र परिवारों के 7,76,281 लाभार्थी चिन्हित हैं, जिनमें से अब तक 4,78,545 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। साथ ही 1,225 ऑपरेटर आईडी स्वीकृत हैं, जिनमें 599 सक्रिय हैं।
उन्होंने छिबरामऊ, हसेरन, जलालाबाद, कन्नौज, सौरिख, तालग्राम व उमर्दा ब्लॉकों में अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी जताई। उमर्दा ब्लॉक में एक भी गोल्डन कार्ड न बनाए जाने पर संबंधित के प्रति गंभीर असंतोष व्यक्त किया।वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने पर गुगरापुर ब्लॉक के सीएचओ मिथलेश, शिवांशु और सुहेल खान को सम्मानित किया गया।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







