संवाददाता कन्नौजः दीप सिंह
(नया अध्याय)

🇮🇳 “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष: परिसर-परिसर गूंजा राष्ट्रप्रेम का स्व।
कन्नौज: राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक ‘वंदे मातरम्’ गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कन्नौज द्वारा जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में “परिसर-परिसर वंदे मातरम्” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालयों का वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
21 अप्रैल 2026 को जिला संगठन मंत्री शुभम विद्यार्थी के नेतृत्व में हीरालाल वी एन इंटर कॉलेज, छिबरामऊ तथा जेडी जनता इंटर कॉलेज, कन्नौज की प्रार्थना सभाओं में कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शुभम विद्यार्थी ने कहा, “वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और करोड़ों राष्ट्रभक्तों के संकल्प का जीवंत प्रतीक है।”
उन्होंने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह गीत जन-जन में ऊर्जा और उत्साह का संचार करता था। यह गीत स्वतंत्रता सेनानियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और देश को आज़ादी दिलाने के संघर्ष में एक मजबूत आधार साबित हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर देशभक्ति की भावना को सशक्त किया। इस दौरान कक्षा 12 की छात्रा आयुषी ने प्रमुख समाचारों का वाचन कर समसामयिक ज्ञान की महत्ता को रेखांकित किया। वहीं मेजर संदीप कुमार माधव ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए ज्ञानवर्धन के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर हीरालाल वीएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राधा बल्लभ मिश्र, जेडी जनता इंटर कॉलेज के ज्ञानेश दुबे, सत्यपाल सिंह, वीरेन्द्र कुमार वर्मा, रामजीत, राजीव कुमार शुक्ल सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया, बल्कि युवा पीढ़ी में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ किया।







