ब्यूरो फिरोजपुरः राजीव कुमार
(नया अध्याय, देहरादून)
फिरोजपुर-फजलका रोड पर सुबह-सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह 3:30 से 4 बजे के बीच हुआ, जब दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई और एक ट्रक में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि लपटें करीब 20 फीट ऊंची उठ गईं।
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि इसकी आवाज़ आस-पास के गांवों में भी सुनाई दी। धमाके जैसी आवाज़ सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रकों से दो से तीन घायल लोगों को बाहर निकाला, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
लेकिन आग इतनी तेज़ी से फैली थी कि ट्रक ड्राइवर को बचाया नहीं जा सका। वह आग की लपटों में ज़िंदा जल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर फिरोजपुर ज़िले की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक में टॉयलेट सीट और पाइप जैसे सैनिटरी सामान भरे थे, जबकि दूसरे ट्रक में खेती में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक बैग भरे थे। इस हादसे में दोनों ट्रकों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।








