सम्पादक कुमाऊंः नवीन बिष्ट

(नया अध्याय, देहरादून)
शास़्त्रीय रंगों में सराबोर होगा अल्मोड़ा
10 मई को खलीफा उस्ताद आफाक हुसैन खां की स्मृति में आयोजन।
अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में शास्त्रीय रंगों के रंग में रंगने वाली है। आगामी रविवार 10 मई को खलीफा उस्ताद आफाक हुसैन खां की स्मृति में शास्त्रीय संगीत समारोह का आयोजन होने वाला है। जिसमें पण्डित चंद्रशेखर तिवारी(सरोद वादन), निर्मल पंत(तबला एवं गायन), प्रभात शाह(गायन एवं संगीत निर्देशन) के साथ श्रीमती लता पाण्डे(गायन) को सम्मानित किया जाएगा। शारदा पब्लिक स्कूल में होने वाले कार्यक्रम में देश के जानेमाले कलाकारों के साथ अल्मोड़ा के युवा कलाकार भी प्रतिभाग करेंगे। इस आयोजन के मार्फत गुरु शिष्य परम्परा में लखनऊ घराने (तबला) की शैली से लोगों को रूबरू कराया जाएगा। आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि खलीफा उस्ताद इल्मास हुसैन खां मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में मुंबई के तबला वादक पंडित योगेश समशीजी के साथ अयोध्या के हारमोनिपम वादक दिनकर द्विवेदी हारमोनियम पर लहरा पर प्रस्तुति देंगे। श्रोताओं को देश की जानी मानी शास्त्रीय गाययिका श्रीमती रश्मि चौधरी का गायन सुनने को मिलेगा। उनके साथ लखनऊ घराने के खलीफा उस्ताद इल्मास हुसैन खां तबले और दिनकर द्विवेदी हारमोनियम पर में संगत करेंगे। बता दें खलीफा उस्ताद आफाक हुसैन खां लखनऊ घराने (तबला)की सातवीं पीढ़ी के खलीफा हैं। उस्ताद आफाक हुसैन खान शास्त्रीय संगीत में तबला जगत के शीर्षस्थ कलाकारों में शामिल थे। उस्ताद आफाक हुसैन खां के गंडाबंद शिष्य पंकज कुमार चौधरी हैं। पंकज कुमार चौधरी ने लगभग चालीस साल पहले सांस्कृतिक राजधानी अल्मोड़ा में शिष्य तैयार किए। कार्यक्रम में नगर के राजकुमार, ऋतु जोशी तबले में प्रस्तुति देंगे। उनके साथ हारमोनियम पर श्रीमती नेहा मुनगली संगत करेंगी। आयोजकों पंकज कुमार चौधरी, शारदा पब्लिक स्कूल के संस्थापक शेखर लखचौरा, श्रीमती विनीता लखचौरा प्रिंसिपल शारदा पब्लिक स्कूल, राघव पंत, अशोक पाण्डेय, राजेन्द्र सिंह न्याल, सुनील कुमार शामिल हैं।








