सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, देहरादून)
चंद्रशिला तुंगनाथ क्षेत्र में गिरी आकाशीय बिजली, दो लोग प्रभावित, रेस्क्यू टीमें मौके पर रवाना।
SDRF और DDRF का राहत-बचाव अभियान शुरू
ऊखीमठ: रुद्रप्रयाग जनपद के अंतर्गत सुप्रसिद्ध चंद्रशिला तुंगनाथ (ऊखिमठ) क्षेत्र से एक दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। आज शुक्रवार दोपहर को क्षेत्र में अचानक आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से दो व्यक्तियों के इसकी चपेट में आने की सूचना है। मिली जानकारी के अनुसार, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) रुद्रप्रयाग को दोपहर करीब 02:22 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष द्वारा आर.टी. सेट के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि उक्त घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मौके के लिए आपदा प्रबंधन की रेस्क्यू टीमों, जिनमें एसडीआरएफ (SDRF), डीडीआरएफ (DDRF) और स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल हैं, को तुरंत अलर्ट कर घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।स्थानीय प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वज्रपात की चपेट में आए दोनों प्रभावित व्यक्तियों की वर्तमान स्थिति क्या है और वे कहाँ के रहने वाले हैं, इसके संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू टीमों के मौके पर पहुँचने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





