संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 15 से 25 मई तक प्राप्त किए जाएंगे
दावे-आपत्तियां स्टैंडिंग कमेटी एवं राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित
आगर-मालवा: 15 मई। नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री आर.पी. वर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 15 मई 2026 को जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर कर दिया गया है। प्रारूप प्रकाशन के साथ ही दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है, जो 25 मई 2026 तक जारी रहेगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 18 जून 2026 को किया जाएगा।
अपर कलेक्टर श्री वर्मा ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, त्रुटियों के सुधार कराने तथा मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए आवश्यक है।
बैठक के दौरान अपर कलेक्टर द्वारा राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को प्रारूप मतदाता सूचियां भी उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि श्री अशोक प्रजापत, श्री अंकुश भटनागर, श्री ईश्वर अजमेरिया, इलेक्शन सुपरवाइजर श्री राजेन्द्र पांडेय, श्री शिव शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






