परिचय- नील मणि
मेरठ (उत्तर प्रदेश)
परास्नातक, कम्प्यूटर प्रोग्रामर के साथ ही तर्क और तकनीक की दुनिया से आगे बढ़ते हुए अपनी कल्पना शक्ति को आकार दिया और एनिमेशन के क्षेत्र में कदम रखा। सितंबर 2025 से कहानी लेखन में कदम रखा। आज एक कार्टूनिस्ट और साहित्यकार के रूप में सामाजिक, राजनीतिक और पारिवारिक जीवन के विविध रंगों को अपने व्यंग्य, रेखाचित्रों, कविताओं और कहानियों के माध्यम से जीवंत करने की कोशिश में हूँ स्वतंत्र लेखन में सलग्न हूँ। मेरी रचनाएँ व कार्टून्स, विभिन्न प्रतिष्ठित, सरकारी, देश-विदेश की पत्र-पत्रिकाओं के साथ साथ आठ साझा संकलनों में भी सम्मिलित हुए हैं। साथ ही मेरे बनाए बाल रेखाचित्र इंद्रप्रस्थ भारती, लेखनी- बाल विशेषांक अंक के कवर पेज व कहानियों के साथ और नन्हे साथी पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं। एक नई उपलब्धि, नया सम्मान, आकाशवाणी दिल्ली से मेरी कहानी प्रसारण से मिला है।
(नया अध्याय, देहरादून)
नमो भारत : भारत की आधुनिक और तेज रफ्तार परिवहन क्रांति
भारत तेजी से आधुनिक परिवहन व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। इसी दिशा में दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के अंतर्गत चल रही “नमो भारत” रैपिड रेल ने नया इतिहास रच दिया है। यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि भविष्य की स्मार्ट, सुरक्षित और तेज़ यातायात व्यवस्था का प्रतीक बन चुकी है। इसकी गति और आधुनिक सुविधाओं ने पारंपरिक मेट्रो प्रणालियों के कई रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
“नमो भारत” भारत की पहली क्षेत्रीय त्वरित परिवहन प्रणाली (RRTS) है, जिसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) द्वारा विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दिल्ली, गाज़ियाबाद और मेरठ जैसे शहरों के बीच तेज़, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना है।
मेरठ से दिल्ली की मेरी हाल की यात्रा इस बार कुछ अलग और यादगार रही। वर्षों से सड़क के लंबे जाम, धूल, धक्का-मुक्की और घंटों की थकान भरी यात्राएँ देखती आई थी, इसलिए मन में यही सोच थी कि सफर तो बस “काटना” होता है। लेकिन इस बार दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) की “नमो भारत” रैपिड रेल में बैठते ही लगा कि अरे! सफर भी आनंददायक हो सकता है।
स्टेशन पर पहुँचते ही साफ-सफाई, अनुशासन और आधुनिक व्यवस्था ने मन मोह लिया। टिकट लेने से लेकर प्लेटफॉर्म तक हर व्यवस्था सहज थी। भीड़ होने के बावजूद कोई अफरा-तफरी नहीं दिखी। रैपिड प्लेटफॉर्म पर आई, आलीशान वैभव की प्रतीक व साफ-सुरक्षित आधुनिक बनावट देखकर लगा मानो किसी शाही ट्रेन में सफर करने जा रहे हों।
ट्रेन के अंदर प्रवेश करते ही ठंडी, स्वच्छ और शांत हवा ने स्वागत किया। आरामदायक सीटें, साफ फर्श, डिजिटल सूचना स्क्रीन और व्यवस्थित माहौल— सब कुछ इतना सुसज्जित था कि यात्रा का तनाव वहीं खत्म हो गया। सबसे बड़ी बात, सफर में न सिगरेट बीड़ी का धूंआ, न कान फोड़ने वाला शोर और न ही सड़क यात्रा जैसी थकान। दिल्ली कब आ गया, पता ही नहीं चला।
इस यात्रा का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब आया जब पता चला कि रैपिड की ऑपरेटर भी एक युवती है। पूरे आत्मविश्वास और दक्षता के साथ वे इतनी तेज रफ्तार ट्रेन का संचालन कर रही थी। वहीं यात्री परिचारिका (ट्रेन अटेंडेंट) भी एक लड़की थी, जो यात्रियों की सहायता बड़ी विनम्रता और सजगता से कर रही थी। उन्हें देखकर मन गर्व से भर उठा। लगा कि आज की भारतीय बेटियाँ केवल घर या दफ्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की आधुनिक प्रगति की कमान भी संभाल रही हैं। उन दोनों युवतियों को देखकर लगा कि भारत सचमुच बदल रहा है— जहाँ गति भी है, सुरक्षा भी और समान अवसर भी।
इस यात्रा ने केवल समय और धन की बचत ही नहीं की, बल्कि मन में नई ऊर्जा और विश्वास भी भर दिया। अब सफर केवल मंजिल तक पहुँचने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि अपने आप में एक सुखद अनुभव बन गया है। नमो भारत रैपिड रेल सचमुच आधुनिक भारत की तेज़, स्वच्छ, सुरक्षित और प्रेरणादायक तस्वीर प्रस्तुत करती है।
नमो भारत, भारत की प्रगति, तकनीकी विकास और आधुनिक सोच का प्रतीक है। यह परियोजना न केवल यात्रा को तेज़ और सुविधाजनक बना रही है, बल्कि देश को स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की ओर भी आगे बढ़ा रही है।







