लेखकः हरी राम यादव
सूबेदार मेजर (आनरेरी)
अयोध्या/लखनऊ
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
वीरगति दिवस पर विशेष
नायक विजय पाल सिंह यादव
सेना मेडल (मरणोपरांत)
कारगिल की गगनचुंबी पहाड़ियों पर सन 1999 की गर्मियों में भारतीय सेना द्वारा लड़ा गया युद्ध आज भी लोगों के जेहन में उसी तरह छाया हुआ है जैसे 27 साल पहले छाया था। उन पहाड़ियों की ऊंचाई का अनुमान लगाकर मन भयाहवाता का सहज अनुमान लगा लेता है। आक्सीजन की कमी, खड़ी चढ़ाई, माइनस से नीचे का तापमान, दस कदम चलते ही फूलती सांसें, ऊपर से आती दुश्मन की गोलियां, नजदीक फटते हैंड ग्रेनेड, नीरवता को चीरते हुए भयानक आवाज करते तोपखाने के गोले, यह चित्रण उस आपरेशन विजय का है जिसका घाव मई का महीना आते ही हरा हो जाता है। यह पाकिस्तान द्वारा दिया गया धोखे का घाव है। उस समय, हमारे सैनिकों की शहादत का सन्नाटा आज भी मन को व्यथित कर देता है। एक ऐसी ही शहादत का सन्नाटा जनपद फतेहपुर के झाऊपुर में छाया जिसने एक परिवार की खुशियों को छीन लिया, उस बच्ची विजेता से उसके पिता को छीन लिया जो इस दुनिया में आयी ही नहीं थी।
जनपद फतेहपुर के गाँव झाऊपुर के नायक विजय पाल सिंह यादव 10 पैरा (विशेष बल ) में तैनात थे। उस समय इनकी सेवा कुल ढाई साल थी और शादी को केवल 16 महीने हुए थे। इनकी यूनिट भारतीय सेना की एक विशेष यूनिट है, इसे हर तरह के आपरेशन में लड़ने की महारत हासिल है इसीलिए घुसपैठियों को खदेड़ने के लिए इस ऑपरेशन में इसे लाया गया था। 10 जून को खालूबार रिज पर घुसपैठियों से लड़ते हुए नायक विजय पाल सिंह यादव वीरगति को प्राप्त हो गए थे। 10 पैरा (विशेष बल) के सैनिकों ने खालूबार रिज पर बहादुरी से लड़ते हुए घुसपैठियों को चुन चुन कर मारा था। नायक विजय पाल सिंह यादव को प्रदर्शित साहस, वीरता और बलिदान के लिए मरणोपरांत सेना मेडल (वीरता) से अलंकृत किया गया।
नायक विजय पाल सिंह यादव का जन्म 20 मार्च 1975 को जनपद फतेहपुर के गाँव झाऊपुर में श्रीमती सुखदेई यादव और श्री राम सागर यादव के यहाँ हुआ था। इन्होंने अपनी प्राथमिक शिक्षा प्राइमरी पाठशाला गोहरारी, जूनियर और हाई स्कूल तक की शिक्षा बलदेव गिरी इंटर कालेज, आमौली और इंटरमीडिएट की शिक्षा सर्वोदय इंटर कालेज बुढवा, फतेहपुर से पूरी की। स्कूली शिक्षा पूरी करने के पश्चात 18 दिसम्बर 1995 को भारतीय सेना में भर्ती हो गए और प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात इनकी तैनाती 10 पैरा विशेष बल में हुई। इनके परिवार में इनके माता पिता, भाई अजय पाल सिंह यादव, पत्नी श्रीमती सुषमा यादव और इनकी पुत्री विजेता यादव हैं।
इनके साहस, वीरता और बलिदान को लोगों की याद में बनाये रखने के लिए इनके परिजनों द्वारा गांव में इनकी प्रतिमा का निर्माण करवाया गया है। अभी हाल ही में इनके नाम पर एक शौर्य द्वार का निर्माण होना आदेशित हुआ है। जनपद कानपुर में इनके नाम पर “कारगिल विजय फ्यूल सेंटर” है, जिसे वीरगति के बाद भारत सरकार द्वारा इनके परिजनों को आवंटित किया गया था। इनके परिजनो द्वारा अपने पैतृक गांव में प्रतिवर्ष 10 जून को वीरगति दिवस मनाया जाता है।







