डॉ0 हरि नाथ मिश्र
पूर्व विभागाध्यक्ष-अँगरेजी,
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
बाल-कविता
बाल गीत
गोलू-मोलू थे दो भाई,
करते रहते खूब पढ़ाई।
प्रति-दिन वे सब शाला जाते,
शिक्षक उनको पाठ पढ़ाते।।
खेल-कूद में हिस्सा लेते,
स्वर्ण-पदक उनको सब देते।
उन्हें देखकर सोनू – मोनू,
खेलें-पढ़ें लिए सँग रोनू।।
रीता-गीता-सहला-सीता,
जाती शाला सँग में नीता।
नित शाला में बच्चे पढ़ते,
अपनी-अपनी किस्मत गढ़ते।।
मोहन-सोहन हाथ बँटाते,
मात-पिता का साथ निभाते।
कार्य गृहस्थी का भी करते,
फिर भी वे सब पढ़ते रहते।।
हुए सभी पढ़-लिख कर अफसर,
खोए कभी नहीं शुभ अवसर।
जिस बच्चे ने किया पढ़ाई,
उसकी होती सदा बड़ाई।।
दोहे (पतवार)
रहे सदा प्रभु-हाथ में, जीवन की पतवार।
चले कभी सुख-सिंधु में, कभी कष्ट-मँझधार।।
जीवन रूपी नाव का, है विवेक पतवार।
पूर्ण नियंत्रण से रहे, सदा सुखी घर-बार।।
नाव लगी पतवार तो, तन में प्राण समान।
जब तक तन में प्राण है, रहे बची तन-आन।।
नाव और पतवार मिल, करतीं बेड़ा पार।
परम् मुदित होते सभी, यात्री नाव-सवार।।
नदी-नाव-पतवार का, जब सटीक हो मेल।
चल न सके तूफ़ान का, तब कोई भी खेल।।







