संवाददाता कन्नौज (उ.प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
युवा मंडलों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की भूमिका अहम: सागर माहेश्वरी।
इन्दरगढ़ /कन्नौज: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (माय भारत) कन्नौज के तत्वावधान में युवा मंडल विकास अभियान का समापन समारोह बुधवार को सरदार पटेल इंटर कॉलेज, कचाटीपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से गठित 35 युवा मंडलों के पदाधिकारियों ने सहभागिता कर संगठन निर्माण, नेतृत्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्वों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश सिंह सेंगर, विशिष्ट अतिथि नूरुद्दीन आफाकी तथा जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम का संचालन भारती संस्कृति युवा मंडल के अध्यक्ष एम.डी. मो. मुनब्बर ने किया।
अपने संबोधन में जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने कहा कि युवा मंडल ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, खेलकूद तथा जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित युवा शक्ति समाज की सबसे बड़ी पूंजी होती है और युवा मंडलों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता तथा सेवा भावना का विकास किया जा सकता है।
मुख्य अतिथि राकेश सिंह सेंगर ने युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर समाज में सार्थक बदलाव ला सकता है।
विशिष्ट अतिथि नूरुद्दीन आफाकी ने सामाजिक समरसता, शांति और जनहित के कार्यों में युवाओं की भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि युवा यदि सही दिशा में प्रयास करें तो समाज में व्यापक परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम में युवाओं को माय भारत पोर्टल से जुड़ने और केंद्र सरकार की विभिन्न युवा कल्याण योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। समापन अवसर पर स्वयंसेवक विजय, अस्मित कटियार, अखिलेश अभिकांत, अजय राजपूत, अनुभा, प्रांशी सहित अनेक युवा एवं युवा मंडलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।







