संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
पेपर लीक के विरोध में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।
कन्नौज: पेपर लीक की घटनाओं और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। दोनों संगठनों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रभात गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में युवाओं के हितों की रक्षा, परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, हालिया छात्र आंदोलनों की निष्पक्ष जांच कराने और आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से बचने की मांग की गई।
संगठन ने नीट पेपर लीक प्रकरण से जुड़ी परिस्थितियों में जान गंवाने वाले परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने, संसद में पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर चर्चा कराने, शिक्षा माफियाओं व पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई करने की भी मांग रखी। साथ ही जौहर यूनिवर्सिटी, रामपुर पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई रोकने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की।
इसके बाद भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सूरज कुमार अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों की वर्षों की मेहनत और आर्थिक संसाधन बर्बाद हो रहे हैं, जिससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दोनों संगठनों ने केंद्र सरकार से परीक्षा एवं भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। जिला प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे संबंधित स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया।







