संजय सोंधी
(संयुक्त निदेशक)
शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
2 सितंबर को ‘विश्व नारियल दिवस’ के मौके पर एक व्यंग्यात्मक लेख।
नारियल: गोल-मटोल समस्या और हमारा कलात्मक भारत।
हमारे देश में नारियल केवल एक फल नहीं, बल्कि हर भारतीय की घरेलू राजनीति और जुगाड़ का राष्ट्रीय प्रतीक है। बाहर से इतना कठोर कि कोई चोर इससे बैंक का लॉकर तोड़ दे, और अंदर से इतना मासूम कि दो चम्मच पानी और ज़रा सी मलाई देकर मुकर जाए। हर साल जब नारियल दिवस आता है, तो नारियल मन ही मन सोचता होगा कि भगवान ने मुझे पूजा के लिए बनाया था, पर इंसानों ने मुझे मल्टीपर्पस टूल किट बना दिया।
नारियल की असली यात्रा शुरू होती है हमारे घर के मंदिर से, जहाँ इसे “शुभ काम” के नाम पर इतने जोर से फर्श पर पटका जाता है कि अगर फर्श पत्थर का न हो तो बिल्डर पर केस हो जाए। नारियल बेचारा अपनी खोपड़ी तुड़वाकर सोचता है कि काम अब तो सिद्ध हो ही जाना चाहिए, लेकिन इसके बाद जो उसके साथ होता है, वो किसी हॉरर मूवी से कम नहीं है। पूजा खत्म होते ही इसे रसोई के उस गुप्त तहखाने में फेंक दिया जाता है जहाँ गृहिणियाँ इसे “बाद में इस्तेमाल करेंगे” का अमर वरदान देकर भूल जाती हैं। दो महीने बाद जब यह सूखकर अंदर ही ढोलक की तरह बजने लगता है, तब हमारी माताश्री को इसकी याद आती है। फिर शुरू होता है इसका महान रूपांतरण।
हमारे यहाँ नारियल के हर एक कतरे की ऐसी दुर्गति की जाती है कि रीसाइक्लिंग प्लांट वाले भी ट्यूशन लेने आ जाएँ। सबसे पहले इसके ऊपर की जटाओं को उखाड़कर ऐसा स्क्रबर बनाया जाता है जो जले हुए पतीले को भी उसकी औकात याद दिला दे। जो नारियल कभी समुद्र किनारे की शान था, वह हमारे सिंक के पास बैठकर बर्तन माँज रहा होता है। इसके बाद आती है इसकी खोपड़ी की बारी। खोपड़ी को छीलकर, घिसकर कभी-कभी उसमें पौधे उगा दिए जाते हैं, तो कभी-कभी ड्राइंग रूम में सजावट के नाम पर टान दिया जाता है। मेहमान आते हैं तो कहते हैं “वाह! क्या इको-फ्रेंडली आर्ट है,” जबकि नारियल अंदर से रो रहा होता है कि मुझे कूड़ेदान में ही फेंक देते तो कम से कम यह बेइज्जती तो न सहनी पड़ती। कुछ अति-कलाकार लोग तो इसकी खोपड़ी में मोमबत्ती पिघलाकर “एंटीक कैंडल स्टैंड” बना देते हैं, जिससे रात में कैंडल लाइट डिनर नहीं, बल्कि किसी तांत्रिक की साधना का अहसास होता है।
दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक, नारियल की चटनी और तेल का जो आतंक है, उसे शब्द बयान नहीं कर सकते। नारियल का तेल तो हमारे देश की संजीवनी बूटी है। सिर दर्द हो तो नारियल तेल, पैर में मोच आए तो नारियल तेल, दरवाज़े का कब्ज़ा आवाज़ करे तो नारियल तेल, और अगर गाड़ी का इंजन सीज हो जाए तो मैकेनिकल इंजीनियर भी एक बार सोचता है कि थोड़ा नारियल तेल डालकर देखूँ क्या? सर्दियों में जब यह तेल जम जाता है, तो इसे बोतल से निकालने के लिए जो हिंसक युद्ध लड़े जाते हैं, वे इतिहास के पन्नों में दर्ज होने चाहिए। बोतल को गर्म पानी में डुबोना, धूप में सुखाना, और फिर भी न निकले तो उसमें सींक डालकर खुदाई करना—यह हर भारतीय की बचपन की यादों का हिस्सा है।
फैशन और रील्स की दुनिया में तो नारियल ने और भी तरक्की कर ली है। आजकल लोग नारियल के खोल में कॉफी पीकर खुद को बेहद कूल समझ रहे हैं। पचास रुपये की नारियल पानी की दुकान पर जाकर दो सौ रुपये की रील बनाना और कैप्शन में “कनेक्टिंग विथ नेचर” लिखना नया ट्रेंड है। नारियल खुद सोचता होगा कि पानी तो मेरा पाँच रुपये का भी नहीं था, यह सारा पैसा तो मेरी खोपड़ी के स्टाइल का लिया जा रहा है।
कुल मिलाकर, नारियल एक ऐसा सहिष्णु प्राणी है जो जिंदा रहते हुए भी पानी और मलाई देता है, और फटने के बाद भी चटनी, तेल, झाड़ू, स्क्रबर, और सजावटी सामान बनकर हमारी सेवा में तत्पर रहता है। इसलिए इस नारियल दिवस पर इसे फोड़ने से पहले एक पल रुकिए, इसे नमन कीजिए और कहिए—हे नारियल, तुम्हारी खोपड़ी भले कठोर हो, पर तुमने हमारी जिंदगी को बहुत चटपटा और चिकना बना रखा है!







