संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

बीपी सिंह की मौत के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।
कन्नौजः सौरिख थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में पंचायत सहायक बीपी सिंह कठेरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में गुरुवार को भीम आर्मी ने मोर्चा खोल दिया। जिला अध्यक्ष सूरज कुमार कर्ण के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना-प्रदर्शन कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
भीम आर्मी नेताओं ने आरोप लगाया कि बीपी सिंह का शव पंचायत भवन में फंदे से लटका मिला था। परिजनों की ओर से मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया गया है। साथ ही कथित सुसाइड नोट में कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
धरने के दौरान भीम आर्मी जिला अध्यक्ष सूरज कुमार कर्ण ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कथित सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की गंभीरता से जांच कराने की मांग की।
सूरज कुमार कर्ण ने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय होने पर समाज के लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
धरने में भीम आर्मी जिला महासचिव एवं भाईचारा कमेटी जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार कठेरिया, रमन वाल्मीकि, विश्राम सिंह, डीके नेहरा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।







