मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
CDS एवं NDA लिखित परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को छह माह बाद भी ₹50,000 सहायता राशि नहीं मिली, आंदोलन की चेतावनी।
अल्मोड़ाः 13 सितंबर। वर्ष 2019 के शासनादेश के तहत NDA एवं CDS लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर SSB/इंटरव्यू के लिए पात्र आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को ₹50,000 सहायता देने का प्रावधान है।
आवेदन और औपचारिकताएं पूरी करने के चार से छह माह बाद भी कई पात्र अभ्यर्थियों को राशि नहीं मिली है। आगामी एक-दो महीनों में SSB/इंटरव्यू होने हैं, जिससे योजना का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।
अभ्यर्थियों ने अल्मोड़ा के जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं प्रमुख सचिव को ज्ञापन भेजकर लंबित सहायता राशि तत्काल खातों में भेजने की मांग की है।
वीरासत हमर अल्मोड़ा के संयोजक राजीव गुरुरानी ने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को समय पर सहायता देना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने चेतावनी दी कि राशि शीघ्र जारी न होने पर अभ्यर्थी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे।
अभ्यर्थियों ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कर ₹50,000 की सहायता राशि बिना देरी उपलब्ध कराने की मांग की है।







