मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
माँ नंदा देवी मेला 2026: आज निकलेगी माँ नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा।
अल्मोड़ाः माँ नंदा देवी मेला 2026 के अंतर्गत आज माँ नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंदिर समिति के अनुसार आज अपराह्न 3:30 बजे माँ नंदा देवी मंदिर से माँ नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का डोला विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मंदिर प्रांगण से प्रस्थान करेगा।
इससे पूर्व दोपहर 1 बजे चंद वंशज युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह जी द्वारा माँ नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं की विदाई पूजन की जाएगी। पूजा के उपरांत अपराह्न 3:30 बजे डोला माँ नंदा देवी मंदिर की परिक्रमा करते हुए निर्धारित मार्ग से बाजार भ्रमण के लिए रवाना होगा।
शोभायात्रा निर्धारित डोला मार्ग से होते हुए बाजार का भ्रमण करेगी और सायं लगभग 6:30 बजे दुगालखोला नौले में माँ नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा।
मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा,ने अल्मोड़ा की समस्त जनता एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालुओं की सहभागिता से माँ नंदा-सुनंदा की शोभायात्रा को भव्य स्वरूप मिलेगा और सभी को माँ का आशीर्वाद प्राप्त होगा और
जीर्ण-शीर्ण भवनों को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष अपील की है कि जिन मकानों की स्थिति अत्यधिक जीर्ण-शीर्ण है, उनके स्वामी आज शोभायात्रा के दौरान अपने मकानों पर श्रद्धालुओं को एकत्रित न होने दें। अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा , ने कहा कि इससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा दुर्घटना की संभावना को टाला जा सकेगा।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से व्यवस्था एवं सुरक्षा का ध्यान रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से माँ नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है।






