ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
सोमेश्वर में दिन भर तैरती रही धर्मांतरण किए जाने की चर्चा।
सोमेश्वर (अल्मोड़ा): सोमेश्वर क्षेत्र में संदिग्ध अनुष्ठान की आड़ में एक व्यक्ति का धर्म परिवर्तन कराने की चर्चा सोशल मीडिया पर और क्षेत्र में दिनभर तैरती रही। हालांकि प्रशासनिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। पुलिस का कहना है कि मामले में दुष्प्रचार किया जा रहा है।दुष्प्रचार करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार की सुबह सोमेश्वर क्षेत्र में पूजा अर्चना कराने के चर्चा तेजी से फैली।प्रचार किया गया कि एक व्यक्ति का धर्म परिवर्तन कराने के लिए आयोजन नियोजित तरीके से किया गया।
मामला सोमेश्वर और कौसानी क्षेत्र का बताया गया।इसे लेकर दोनों क्षेत्रों में तरह तरह की चर्चाएं फैलीं। खुफिया पुलिस भी सक्रिय हो गई लेकिन किसी भी स्तर पर कोई पुष्टि नहीं हुई।
सोमेश्वर के थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह और कौसानी के थानाध्यक्ष मनवर सिंह ने ऐसी किसी भी गतिविधि से इन्कार किया है। उनका कहना है कि जो लोग ऐसा दुष्प्रचार कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी सोमेश्वर क्षेत्र में कर्नाटक के रहने वाले एक व्यक्ति के बारे में भी ऐसा ही प्रचार किया गया था लेकिन उसकी भी कोई पुष्टि नहीं हुई थी।
सीओ अल्मोड़ा विमल प्रसाद ने कहा कि सोमेश्वर में धर्म परिवर्तन संबंधी कोई मामला पुलिस के पास नहीं आया है।अफवाह फ़ैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।









