काव्य रत्न डॉ. रामबली मिश्र, वाराणसी, उ. प्र.।
उगता सूरज
उगता सूरज सबसे कहता, मुझे छोट मत जान।
यह तो मेरा जन्म अभी है, बालक को पहचान।
प्रथ्वी मेरी पूजा करती, घूम घूम चहुंओर।
दुनिया क्या जानेगी मुझको, मेरा ओर न छोर।
हूँ प्रकाश का दिव्य पुंजअति, मैं दिनमान दिनेश।
अंधकार मुझसे डरता है, दिन में सत्य नरेश।
जलाभिषेक करें आराधक, सब होते खुशहाल।
चिंता त्याग भक्त भजता है, उससे डरता काल।
मैं प्रत्यक्ष ईश इस जग का, मुझसे करना प्यार।
मुझको छोटा नहीं समझना, मुझसे ही संसार।









