ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
क्वारब के पास बार-बार बंद हो रही सड़क के कारण जनता परेशान व व्यापार हो रहा है प्रभावित, शीघ्र हो समाधान : कर्नाटक।
अल्मोड़ाः अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे क्वारब के पास लगातार पहाड़ी दरकने से मार्ग में भारी मात्रा में मलवा व बोल्डर आने के कारण हाईवे बार-बार बंद हो रहा है। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है और व्यापार व पर्यटन भी प्रभावित हो रहा है।
इस परेशानी को लेकर पूर्व दर्जा मंत्री व कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक ने अपने एक बयान में कहा है कि अल्मोड़ा की लाइफ लाइन कही जाने वाले अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे क्वारब के पास पहाड़ी दरकने के कारण मार्ग में बार-बार मलवा आने से आए दिन बंद हो रहा है जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग के बार-बार बंद होने के कारण जनता को परेशानी के साथ साथ व्यापार व पर्यटन भी काफी प्रभावित हो रहा है। कर्नाटक ने सरकार से मांग की है कि इस समस्या का यथाशीघ्र प्रमुखता से समाधान निकाला जाए। जिससे जनता को हो रही परेशानी से छुटकारा मिल सके। उन्होंने कहा कि बिना सोचे समझे प्रकृति से छेड़छाड़ करने का यही नतीजा होता है। इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए।
श्री कर्नाटक ने कहा कि जहां एक ओर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गटकरी कहते हैं कि सड़क सुधारीकरण के लिए उनके पास धन की कोई कमी नहीं है।पूरे देश में सड़क सुधारीकरण के लिए जितने भी धन की जरूरत पड़ेगी वह पूरा करेंगे। सड़क मार्गों को हर हाल में दुरुस्त रखा जाना चाहिए।
वहीं दूसरी ओर यहां के सांसद व केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा अपने ही संसदीय क्षेत्र सड़क मार्गों को लेकर किस तरह से लापरवाह बने हुए हैं। उन्हें जनता की परेशानी नजर ही नहीं आ रही है।
कर्नाटक ने कहा कि यदि एक महीने के भीतर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह जनता को साथ लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग अधिशासी अभियंता रानीखेत के कार्यालय में आमरण-अनशन करने को बाध्य होंगे।जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।









