ब्यूरो कुमाऊं : दयानन्द कठैत (अल्मोड़ा)
अल्मोड़ा नगर में जलापूर्ति ठप होने से 1.10लाख की आबादी हुई प्रभावित।
अल्मोड़ा जिले में लगातार हो रही मुसलाधार बारिश के कारण यहां कोसी नदी में भारी मात्रा में सिल्ट जमा हो जाने के कारण गुरुवार को पंपिंग का काम ठप रहा, जिस कारण नगर के कई हिस्सों में जलापूर्ति नहीं हो पाई। जिनमें पाताल देवी, एडम्स, सर्किट हाउस समेत अन्य जलाशयों को पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई। इस कारण नगर क्षेत्र व आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई।जिस कारण यहां की लगभग 1.10लाख जनता परेशान रही। लोगों ने प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाकर काम चलाया।विगत दिवस सोमेश्वर, कोसी, गोविंदपुर, दौलाघट आदि क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण कोसी बैराज में काफी मात्रा में सिल्ट जमा हो गई, जिस कारण से यहां पेयजल पंपिंग के काम में बाधा आ गई।
गुरुवार को सुबह जलसंस्थान के अभियंता व कार्मिक मौके पर पहुंचे। दिनभर कई बार कोसी बैराज के गेट खोलकर बैराज में जमा हुई सिल्ट को बहाया गया।शाम 5.30बजे के करीब सिल्ट बहाने के बाद वहां स्थित चारों पंपों से जिला मुख्यालय तथा आसपास के क्षेत्रों के जलाशयों, पाताल देवी, एडम्स, सर्किट हाउस,हीराडुंगरी,नरसिंसबाड़ी,कसारदेवी,व सीतापुर को पानी उपलब्ध कराया गया। गुरुवार की रात को यहां के जलाशयों में पानी एकत्र किया गया।
जलसंस्थान अल्मोड़ा के ईई अरुण कुमार ने बताया कि कोसी बैराज में आई सिल्ट को बहा दिया गया है और पंपिंग शुरू कर सभी जलाशयों को पानी की आपूर्ति की जा रही है। शुक्रवार से नगर के सभी मुहल्लों में पेयजल आपूर्ति कर दी जाएगी।








