डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
मेरी माटी मेरा देश
मेरी माटी परम सुगंधित,
चंदन जैसी लगती है।
हरी-भरी फसलों से पूरित,
उदर-पूर्ति भी करती है।।
प्रचुर रत्न-गर्भा यह माटी,
खग कंचन की कहलाती।
वाह्य देश की चोर-दृष्टि को,
यदा-कदा भी ललचाती।
असुर-दृष्टि को बन यह काली,
भस्मित करती रहती है।।
चंदन जैसी लगती है।।
मेरा भारत देश निराला,
प्रेमी जन की शाला है।
विविध वेश-भाषा है इसकी,
लगता पर यह माला है।
ऋषि-संतों की वाणी से शुचि,
ज्ञान-सरित नित बहती है।।
चंदन जैसी लगती है।।
सीमा पर सैनिक सचेत सब,
इसकी रक्षा करते हैं।
गृद्ध-दृष्टि यदि अरि की पड़ती,
उसे फोड़ते रहते हैं।
अमर संस्कृति देश की मेरे,
देव-कथा नित कहती है।।
चंदन जैसी लगती है।।
अखिल विश्व का गुरु कहलाए,
मेरा भारत ऐसा है।
रहे एकता से महि मंडित,
कहता ऋषियों जैसा है।
माटी मेरी जननी जैसी,
पड़े कष्ट तो सहती है।।
चंदन जैसी लगती है।।







