डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
दोहे (हनुमत वंदन)
हनुमत वंदन सब करें, निश्चित हो कल्याण।
हरें कष्ट हनुमान जी, कहते वेद – पुराण।।
राम-भक्त हनुमान जी, हैं अंजनि के लाल।
लाल सूर्य को देखकर, गए लील रवि बाल।।
रावण की लंका जला, लिए सीय को खोज।
संकट को काटें यही, यदि हो सुमिरन रोज।।
पवन-पुत्र हनुमान जी, को पूजे संसार।
इनके पूजन मात्र से, होता रिपु-संहार।।
बल-पौरुष देते यही, हरते बुद्धि-विकार।
हनुमत वंदन से मिले, मन को हर्ष अपार।।
इनके ही उर में बसे, राम-सीय का रूप।
धन्य-धन्य हे पवन-सुत, सेवक राम अनूप।।
करें अंजनीलाल की, सब जन मिल जयकार।
अर्चन-पूजन साथ में, तजकर सब तकरार।।







