प्रो. (डॉ.) मंजू वर्मा
रिटायर्ड प्रोफेसर पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़।
कविता
तुम सांझ ढले आना
मधुर मिलन की चाह में
प्रियतम …..
तुम साँझ ढले आना
गोधूलि बेला की छाया में
ढलते अंधियारे में
दिव्य प्रकाश पुंज बन
चाहतों की बात्ती से
मंगल दीप जलाना
लौट रहें हो जब खग नभ से
तुम भी लौट आना
तुम साँझ ढले आना
लौ रोशन हो
जब चिरागों की
तुम प्रेम की जोत जलाना
निराशा के घोर तिमिर में
हो अनुरक्त प्रेम से सिक्त
मन की विरत सूरत में
आशा का दीप जलाना
तुम साँझ ढले आना
मधुर मिलन की चाह में
प्रियतम …..
तुम साँझ ढले आना
यह कविता मेरे काव्य संग्रह “हम फिर मिलेंगे” में संकलित की गई है।







