भारती चौधरी
जौनपुर, उत्तरप्रदेश।
लघु: कथा
“संबंधो में दरार”
दामिनी के विवाह को कुछ महीने ही बीते थे। विवाह के पश्चात वह दुबली होती जा रही थी,सुबह वह रसोईं में कुछ काम कर रही थी।
‘तभी पीछे से खुसफुसाने की आवाज़ आई।’
दामिनी ने देखा तो, रीना अपनी माँ को दामिनी के ढीले कपङे दिखाकर हँस रही थी।
दामिनी को देखते ही शांत हो गई। दामिनी ने इस बात को नजरंदाज किया।
अगले दिन दामिनी को मायके जाना था। दामिनी तैयार होकर निकलने ही वाली थी, तभी रीना ने कहा-“भाभी ये सोने की चैन माँ की है उन्हें दे दो कहीं खो गयी तो दिक्कत हो जाएगी ”
दामिनी की सास चुप होकर देख रही थी। दामिनी ने चैन उतारकर दे दी।
दामिनी को रीना का व्यवहार अजीब लगता था लेकिन, उसने इग्नोर किया।
दामिनी मायके आई ,कुछ दिन बाद उसने देखा बगल की चाची उसकी माँ से बोल रही थी- सारा काम तुम ही करती रहती हो तुम्हारी बहू तो कुछ नही करती है, दामिनी की माँ बोली ऐसा नहीं है,हम दोनों मिलकर काम करते हैं और तुम्हें क्या पता मेरी बहू घर का काम भी करती है और बच्चा भी अच्छे से संभालती है।
दामिनी को यह देखकर अच्छा लगा।
दामिनी वापस जब ससुराल आई तो कोशिश करती कोई गलती न हो लेकिन रीना उसके हर काम में कमी निकालती रहती थी।
एक दिन रीना का सिर दर्द हुआ दामिनी ने कहा-‘ लाओ मैं दबा दूँँ’
सिर दबाने के बाद जब दामिनी उठी तो तो रीना ने कहा – ‘इससे अच्छा तो पङोस की सोनी भाभी सिर दबाती हैं’
दामिनी को अफसोस हुआ कि, बेवजह मैंने इनका सिर दबाया।
अगले दिन दामिनी रोटी सेक रही थी।
रीना बोली- ‘ऐसे रोटी नहीं सेकते ये तो जला रही हो’ इतना कहकर बाहर चली गयी और अपनी माँ से कहने लगी -“भाभी बहुत धीरे-धीरे काम करती है ”
रीना हमेशा दामिनी की बुराइयाँ करती जिसके कारण उसकी सास का बर्ताव भी बदलने लगा दामिनी और उसकी सास के रिश्ते में दरार का कारण रीना बन रही थी।
दामिनी सोचने लगी ” इस घर में इन्हें ही दिक्कत है,मुझसे और जब ये माँ से मेरी बुराइयाँ करती हैं तो, माँ रीना को समझाती भी नहीं कि, ये गलत है। सबके सामने तो बोलती हैं मैं बेटी-बहू में भेद नहीं करती तो एक बेटी से दूसरी बेटी की बुराई कैंसे सुन लेती है”
लेकिन किसी ने सच ही कहा है-“जब खुद का मन कैकयी हुआ हो तो कोई न कोई मंथरा मिल ही जाती है। ”
शायद, ये सब कहने की बातें हैं “कोई बहुओं को बेटी नहीं मानता और यदि मानते तो इतनी बुराइयाँ मेरे पीठ पीछे नही होती।”







