सुश्री सरोज कंसारी
मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत
कवयित्री, लेखिका एवं अध्यापिका
समाज-सेविका, नवापारा-राजिम
रायपुर, छत्तीसगढ़।
चित्त विनम्रता का परित्याग न करें, क्योंकि यही सामंजस्य जीवन का सौंदर्य है।”- सुश्री सरोज कंसारी।
—————————————-
(नया अध्याय, देहरादून)
आत्मा में धैर्य (सहनशीलता) का वास हो और मन में विनम्रता का स्पर्श, क्योंकि इसी संतुलन में जीवन का वास्तविक सौंदर्य निहित है। मौन की अपनी भाषा है, यह बहुत कुछ कह जाता है। जीवन दर्द से अछूता नहीं है। सुख व दुःख सहयात्री बनकर निरंतर साथ चलते हैं। हर जिंदगानी की अपनी एक कथा है, जिसमें खट्टे-मीठे, चटपटे और कभी तीखे अनुभव पिरोए होते हैं, जो दूसरों को प्रेरित करते हैं। यही नियति है: किसी के हिस्से में सब कुछ नहीं आता, जीवन कभी सुखद तो कभी असहनीय पीड़ा में कटता है। सृजनशील, संवेदनशील मन की व्यथा कह देने से हृदय का बोझ हल्का होता है। अपनों के अपनेपन का स्पर्श सुखद अनुभूति देता है। भावनाओं को अंतस में दबाकर रखने से घुटन होती है; ये अव्यक्त कोमल भावनाएँ अंतर्मन में घनघोर शोर करती हैं। जीवन में सहज कुछ भी नहीं, हर क्षण एक नया आघात है। दहशत के मंज़र और अनगिनत अधूरे किस्से इस जीवन रूपी अथाह सागर में घुले हुए हैं, जिन्हें हमें घूँट-घूँट पीना पड़ता रहता है। अप्रिय परिस्थितियों अथवा कटु वचनों को सह लेने से भले ही, तात्कालिक विवाद टल जाते हों, परन्तु उसकी चुभन आजीवन सालती रहती है। ये बेवजह की यातनाएँ हमारी मानसिकता को झकझोर देती हैं, फिर भी, विवश होकर मौन धारण करना पड़ता है। भीतर से एक चीख, कराह व सिसकी उठती है, अंतरात्मा में यह वीरानगी क्यों पसरी रहती है? विडंबना यह है कि जिन्हें हम अपना मानते हैं, बहुधा उन्हीं अपनो के साए में सबसे अधिक आहत होते हैं। यह सब समझ से परे है। जीवन के इन कई किस्सों पर विचार करते हुए हम स्वयं से प्रश्न करते हैं — सब कुछ न्योछावर करके भी हमें सुकून क्यों नहीं मिलता? हम बस भटकते हैं तथा एक अजीब सी घबराहट हमें घेरे रहती है। दूसरों को जोड़ने, संवारने और खुश रखने की धुन में हम न जाने कितनी बार भीतर से टूट जाते हैं, फिर भी प्यार की एक बूँद के लिए तरसते रह जाते हैं। स्नेह, करुणा, दया तथा क्षमा निश्चित रूप से मानवीय आभूषण हैं, लेकिन स्वार्थ की अधिकता तथा अहंकार के कारण ये गुण हृदय में स्थान नहीं बना पाते। परिणामत, हम एक बोझिल मानसिकता के साथ जीवन का यह सफ़र तन्हा गुजारने पर विवश हो जाते हैं। वास्तविकता यही है कि जीवन दर्द से जुदा नहीं होता, ये दोनों हमसफ़र बनकर निरंतर साथ चलते हैं। मनुष्य जीवन का पीड़ा से यह संबंध अटूट तथा शाश्वत है। जीवन-पथ पर पग-पग पर, किसी न किसी माध्यम से कड़वाहट मिलती है। हम कितनी भी कोशिश कर लें, किसी की जरा-सी, अप्रिय बात मस्तिष्क में घर कर लेती है। हृदय पर लगी चोट बहुधा आत्मा तक को झकझोर कर रख देती है। हृदय की यही बेचैनी, फिर गम रूपी आँसू बनकर आँखों से छलकती है। भावुक हृदयों पर, अव्यवहारिक बर्ताव का प्रभाव गहरा पड़ता है, विचारों के इस भँवर से निकलना अत्यंत कठिन होता है, हम प्रत्येक क्षण इससे घिरे रहते हैं। ‘काश!’ शब्द में फिर भी एक उम्मीद होती है। इस संघर्षपूर्ण पथ पर चलते हुए कहीं तो वह राहत भरी मंज़िल मिलेगी, जहाँ विश्राम संभव हो। यही कारण है कि आहिस्ता-आहिस्ता यह हममें प्रत्येक परिस्थिति में एक अनुकूल वातावरण निर्मित करने की क्षमता विकसित हो जाती है। मानसिक मजबूती यूँ ही नहीं मिलती, कठिनाइयों के बीच पलकर आगे बढ़ने वाले इंसान किसी बात की परवाह नहीं करते और कभी हिम्मत नहीं हारते हैं। ऐसे लोग दुःख की अनन्त गहराई में भी खुशियों के मोती ढूँढ ही लेते हैं। दुःख— जिससे हम दूर रहना चाहते हैं और प्रार्थना करते हैं कि इसका सामना कभी न करना पड़ेगा। सच में, जिनके पास किसी भी रूप में — शारीरिक, मानसिक, आर्थिक अथवा अन्य दुःख होते हैं, वे जानते हैं कि उनके पल कैसे कटते हैं; उनकी रातों की नींद उड़ जाती है। यह जीवन की एक कठोर वास्तविकता है। उसके बारे में ही सोचते-सोचते सुबह हो जाती है। दुखों से पीछा छुड़ाने के लिए हम अधिक उपाय करते हैं। लेकिन, वे एक के बाद एक नए रूप में सामने आ जाते हैं। इस धरा पर, कोई भी ऐसा प्राणी नहीं, जिसके जीवन में दुःख न हों। हम अपने जीवन में करीबी लोगों— मित्रों या जिनसे हम प्रेमवश जुड़े हुए हैं— उनकी सबसे ज्यादा जरूरत महसूस करते हैं। हम चाहते हैं कि कोई हमारे साथ खड़ा रहे, मुश्किल वक्त में हमारा सहयोगी या सहायक बने। तब सब कुछ ठीक हो जाता है…लेकिन सोच के विपरीत ही कार्य और व्यवहार होते हैं। अक्सर जिनसे हम आशा करते हैं, वे वक्त आने पर अपना वास्तविक रूप दिखा देते हैं। साथ देने की बजाय वे जख्मों को और कुरेद देते हैं। रिश्तों की दुनिया में भी विचित्र स्थिति होती है। जीवन हमें उनसे नहीं मिलाता जो रूह की गहराई से जुड़े हों। कभी-कभी, जिनसे मन का जुड़ाव नहीं होता, उनके साथ भी जीवन-भर सिर्फ रिश्ता निभाना पड़ता है। जीवन की इस यात्रा में, जितने भी दिन हमारे पास हैं, उन्हें अपनी इच्छानुसार एवं संतोषपूर्वक व्यतीत करते जाइए। रूठकर, हताश होकर जाएँगे भी कहाँ? कभी स्वयं को मना लें, क्योंकि प्रत्येक दुःख, पीड़ा की जड़ यह हमारा ही मन होता है। सहनशक्ति इतनी हो कि उन बातों तथा घटनाओं को भी सहज स्वीकार कर सकें जो हमारे अनुकूल न हों। बस, स्वयं को हर हाल में प्रसन्न रखें, चाहे वक़्त कैसा भी हो। हमारे प्रति यह हमारी एक बड़ी, महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी है। साधुवाद! जयतु भारतम्।
नारी शक्ति, अस्मिता की एक सशक्त प्रतीक :
सादर!







