सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री, लेखिका एवं शिक्षाविद्
मानवीय संवेदनाओं की मुखर अभिव्यक्ति करने वाली समाजसेविका।
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
“प्राचीन परंपरा और आधुनिक संस्कृति: एक नया इतिहास रचने की आवश्यकता” — सुश्री सरोज कंसारी।
—————————————
प्राचीन परंपरा तथा आधुनिक संस्कृति का समन्वय कर नया इतिहास रचें। सात्विक विचारधारा ही श्रेष्ठ परिणाम को जन्म देती हैं। आधुनिक और प्राचीन परंपरा के निर्वहन से विकास के नए आयाम गढ़ें। किसी भी मुद्दे पर बहस सिर्फ समस्या को जन्म देती हैं, समाधान के लिए तो चिंतन की जरूरत होती हैं। शांत होकर किसी विषय में सात्विक विचारधारा ही श्रेष्ठ परिणाम को जन्म देती हैं। आज लोगों की मानसिकता उग्र है, किसी बात को समझने की बजाय उस पर तीखा व्यंग्य, आक्रामक रवैया और उत्तेजित भाव व्यक्ति के अव्यवहारिक आचरण का परिचायक हैं। सभी के पास सकारात्मक शक्ति रूपी विशाल ऊर्जा का भंडार है, क्योंकि मनुष्य के रूप में अपने स्तर पर सभी श्रेष्ठ व्यक्तित्व के धनी हैं। कोई किसी से कम नहीं, जरूरत है तो सिर्फ खुद में छिपी उस क्षमता को पहचानने की, समय पर किसी काम को अंजाम देने की आवश्यकता है। अक्सर हम सुनते हैं हमारे बुजुर्गों से – पहले का जमाना कुछ और था। आज के समय में वो बात कहाँ? सुंदर विचार, संयमित जीवनशैली, परंपराओं और रीति-रिवाजों का सम्मान, रहन-सहन और वेश-भूषा में अपनी सभ्यता की झलक मिलती थी। आज के परिवेश में दम घुटता है, काश! आज की पीढ़ी पुनर्जीवित करें उसी प्रथा को, जिसे जीने में आनंद की अनुभूति होती थी। आज की युवा पीढ़ी को प्राचीन रीति-रिवाज के बारे में जब जानकारी दी जाती है, तो वे कहते हैं समय बदल गया, वैज्ञानिक युग है, दुनिया कहाँ से कहाँ आ गई और आप उसी पुरानी ढर्रे की जीवनशैली का स्मरण करते बैठे हो? हमारे पास सभी सुख-सुविधा, भोग-विलास, मनोरंजन के पर्याप्त साधन हैं, तो हम पुरानी परंपरा का अनुसरण क्यों करें? देखा जाए तो दोनों पीढ़ी के लोग अपनी जगह सही हैं, माहौल के अनुकूल सभी ढलते हैं। एक दूसरे की संस्कृति से अपरिचित रहने की वजह से दिक्कत होती है। आज जो युवा वर्ग है, वे अपने अनुसार जीवन निर्वहन करते हैं, जिसमें आधुनिकता का समावेश रहता है, सोशल मीडिया का अधिक उपयोग होता है, जो घर के बड़े बुजुर्गों को पसंद नहीं। कभी-कभी वे जो बातें उचित नहीं लगती, उन पर रोकटोक कर देते हैं। जैसे सुबह देर से उठना, बिना पूजा-स्नान किए चौके में जाना, घर के मुख्य को पूछे बिना होटल में भोजन करना, आए दिन बाहर घूमने जाना, देर रात में घर लौटना, छोटे कपड़े पहनना, दिन भर मोबाइल में लगे रहना, बीमार व्यक्ति की पूछ-परख, सेवा-जतन न करना, ऊंची आवाज में बात करना, पारिवारिक जिम्मेदारी का निर्वहन न करना, जैसे कई बातें हैं, जिसे देखकर घर के बड़े बुजुर्ग व्यथित होते हैं। उन्हें लगता है आज आधुनिकता की होड़ में सभी अपनी संस्कृति भूल रहे हैं। पर,आज के पढ़े-लिखे बेटे-बहू, नाती-पोते को बड़े बुजुर्गों द्वारा किसी बात पर हस्तक्षेप करना पसंद नहीं करते, उन्हें लगता है वो जो कर रहे हैं सही है, और घर के मुख्य की उपेक्षा करते हैं, जिससे उन्हें तकलीफ होती है। और जब उनके अपने ही जब उन्हें कोई इज्जत नहीं देते, किसी बात पर सलाह नहीं लेते, सम्मान नहीं करते, तब वे अपनी रीति-रिवाजों और पुराने समय को याद करते हैं और दुखी हो जाते हैं। आज की युवा और पुरातन पीढ़ी में समभाव स्थापित करने के लिए एक विकल्प के रूप में प्राचीन परंपरा और आधुनिकता का समन्वय कर एक नया इतिहास रचें। हम विलुप्त हो रही सभ्यता को पुनर्जीवित करना आवश्यक है। पुरातन रीति-रिवाज आने वाली पीढ़ी के पथ-प्रदर्शन का एक माध्यम है, जिससे हमें मर्यादित जीवन शैली की जानकारी मिलती है। आज अव्यवहारिक हो रहे बच्चे और पथ-भ्रष्ट हो रहे युवाओं के लिए बुजुर्गों द्वारा बताए गए नियमों का पालन अति आवश्यक है। आधुनिकता को अपने ऊपर हावी न करते हुए, तकनीकी ज्ञान को अवश्य बढ़ाएं, जो समय की मांग है। नित-नए हो रहे वैज्ञानिक आविष्कार की जानकारी रखें, अपने ज्ञान का विकास करें, और सोशल मीडिया में भी सक्रिय रहते हुए उसका दुरुपयोग न कर सदुपयोग कीजिये। प्राचीन संस्कृति का अनुसरण करते हुए नवीनता को अपनाएं, आने वाली पीढ़ी में हम संस्कारक्षम वातावरण का निर्माण करें, जिससे दोनों पीढ़ी में मतभेद न हो। आधुनिक और पुरानी परंपरा के निर्वाहन से एक नवीन विकास के आयाम गढ़ें, जिससे सभी को लाभ हो और संतुष्टि हो, कोई भी पीछे न रहे जीवन की दौड़ में, और इतना आगे भी न बढ़े कि भटक जाएं। संतुलित जीवन और सहज मार्ग का आविष्कार हम सभी मिलकर स्वयं करें, ताकि पुरानी परंपरा छूटे नहीं और आधुनिकता से किसी का नुकसान न हो। दोनों के संयोग से एक सुखद भविष्य का निर्माण कीजिये।
नारी शक्ति एवं अस्मिता की सशक्त प्रतीक







