डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
पुरुष (दोहे)
पुरुष वही जो कर सके, औरों का कल्याण।
अपने पौरुष से करे, असहायों का त्राण।।
श्रेष्ठ पुरुष जग में वही, जिसके श्रेष्ठ विचार।
मानवता का मान रख, करे शुभ्र व्यवहार।।
काम-क्रोध-मद-लोभ से, सदा रहे वह दूर।
मिले प्रकृति ऐसी जिसे, वही पुरुष भरपूर।।
अपने पौरुष से सदा, पाता वह सम्मान।
धीरज और विवेक हैं, उसके शस्त्र महान।।
कुशल पुरुष जग में करे, नव पथ का निर्माण।
उसकी क्षमता का कभी, माँगे जग न प्रमाण।।
पुरुष उसी को मानिए, जिसमें रहे न क्षोभ।
निर्बल-रोगी की करे, सेवा वह बिन लोभ।।
रक्षा कुल-परिवार सँग, रखे देश का मान।
राष्ट्र हेतु निज प्राण दे, पाता वह सम्मान।।







