आज विश्व कविता दिवस है।

Spread the love

 

प्रदीप कान्त —जलेस, इन्दौर इकाई

 

  (नया अध्याय, देहरादून)

 

आज विश्व कविता दिवस है। इस अवसर पर प्रस्तुत है हमारे समय के महत्वपूर्ण और प्रतिरोध के प्रमुख तेज़ो-तर्रार कवि राजकुमार कुम्भज की कविताएँ। इन कविताओं पर टिप्पणी की है सुपरिचित कवि प्रदीप मिश्र ने (प्रदीप कान्त —जलेस, इन्दौर इकाई.)

                   ____________________

राजकुमार कुम्भज के रचना संसार से गुजरना ही हिंदी कविता के लगभग छह दशक की कविता यात्रा से रूबरू होना है। उनकी कविताओं के पाठ के साथ ही हम समय की करवटों का भी पाठ करते हैं। वे अपनी भाषा और व्यंजना में जो प्राप्त करते हैं, वह एक मुक़म्मल कवि का आयत है। इसलिए आज के समय में राजकुमार कुम्भज की कविताओं को पढ़कर पाठक जीवन दृष्टि और उसके सरोकारों से समृद्ध होता है। वे अपनी कविता “अक़्लमंद तो था नहीं “ में लिखते हैं — सिर्फ इतनी-सी थी जिद मेरी/कि नहीं हो शर्त कोई जीवन में जीने की / असहमति के लिए बची रहे जगह — यहाँ कवि जिस असहमति की जगह की बात कर रहा है, वह इस धरती, प्रकृति और मनुष्य को बचाने वाला शॉक ऐब्ज़ोर्बर है । इसी असहमति में नए मूल्य और नए मनुष्य जन्म लेते हैं, जो धरती को हमेशा नवीन बनाये रखते हैं। आज के समय में असहमति पर ही बहुत बड़ा संकट है और तानाशाही की भयावहता पसरती जा रही है । इसके ठीक बाद की कविता “जागेगा सच और सब में” कवि के सरोकार और सर्वजन हिताय को रेखांकित करती है । अपनी इसी संकल्पना को कवि तब शीर्ष पर पहुँचाता है, जब वह लिखता है–ये पृथ्वी है घर सभी का– यहाँ वसुधैव कुटुम्बकम का रेखांकन है । “युद्ध का अभिप्राय” समकाल पर क्रूर टिप्पणी की तरह है ।

इसी क्रम में “हारते हैं वे भी”  “फिर किया अट्टहास मृत्यु ने” और “वक्त को रखते हुए याद” शीर्षक कविताओं को रख कर देखें तो समकाल का व्यापक आख्यान दिखाई देता है। जो कविता के भाव और भाषा फ्लांगता हुआ सीधा मनुष्यों के चौपाल में बतकही करने पहुँच जाता है। इन कविताओं का कवि, बाजार भाव के लिजलीजेपन और भाषा की दुकानदारी को बहुत अच्छे से समझता है। वह बाजार की तमीज में संस्कृति को नहीं देखता है, उसे मनुष्य की तमीज में बाजार, संस्कृति और सभ्यता चाहिए। यही दुनियाभर के कवियों का एक साझा स्वप्न है। जिसके साझेदार चौथा सप्तक के कवि राजकुमार कुम्भज हैं। आज विश्व कविता दिवस पर हम उनकी कविता

              “कविता अब भी संभावना है “ में जज्ब सम्भावनाओं को हृदय से लगाते हुए मानवीय मूल्यों में विश्वास व्यक्त कर रहे हैं। हमारा विश्वास है और भी मजबूत हो रहा है कि अपने समय के सरोकारों से लबालब ये कवि जब तक है, मनुष्यता बची रहेगी। इन बेहतर कविताओं के पाठ का अवसर प्रदान करने के लिए जलेस, इंदौर इकाई का आभार।

 

००० प्रदीपमिश्र ००० ____________________

 

********************************************************************

 

राजकुमार कुम्भज

जवाहरमार्ग, इन्दौर

____________________

अक्लमंद  तो था नहीं.

____________________

अक्लमंद तो था नहीं 

जेब से भी था खाली-खाली ही

मगर गर्दन में ऐंठन थी थोड़ी 

कि जो जाती न थी 

रोना था, इसी बात का रोना था

कि जरा भी झुकता न था 

जो झुक जाता,

थोड़ा-सा भी झुक जाता, तो पाता

फिर इतना-इतना कुछ पाता 

उठाता स्वर्ण-मुद्राएँ, गिनना भूल जाता 

कि ठीक से संभाल भी नहीं पाता

सिर्फ़ इतनी-सी थी जिद मेरी 

कि नहीं हो शर्त कोई जीवन में जीने की

असहमति के लिए बची रहे जगह 

जगह-जगह, हर जगह 

अगर हो जाता शामिल मैं भी सहमतों में 

तब न ऐंठन होती, न कविता होती, न मैं 

चाहता हूँ, यही चाहता हूँ 

कि बची रहे 

ये ऐंठन बची रहे

कविता में कविता की ऐंठन बची रहे

कविता बची रहे, जीवन बचा रहे 

मैं रहूँ न रहूँ, जरुरी तो नहीं 

कवि बचा रहे.

____________________

जागेगा सच और सब में.

____________________

दु:ख, प्रेम, सपने और कविताऍं

कहने लगे कि एक दिन, किसी एक दिन 

रहेंगे, सब रहेंगे साथ-साथ और यहीं

नदियों में प्रवाह और घुमाव बने रहेंगे सब 

झरनों का गिरना और उछलना बना रहेगा 

ऑंधियों से वृक्षों का टकराना बना रहेगा 

मैं नहीं रहूँगा, तुम नहीं रहोगे, नहीं रहेंगे वे 

बाॅंसवन रहेगा, बाॅंसुरी रहेगी, गूँज रहेगी 

जो जगाती रहेगी आग, पकाती रहेगी अन्न

जागेगा सच और सब में.

____________________

ये पृथ्वी है घर सभी का.

____________________

चलती हुई ट्रेन में बेटिकट

मैं देखता हूँ अपने समय के दृश्य में 

गँगा-तीरे शहनाई फूंक रहे हैं बिस्मिल्लाह 

अमजद अली खोज रहे हैं भैरवी के रँग 

और पूछ रही हैं उमराव जान पूछ रही हैं 

दरवाज़े खोलते हुए, खोजते हुए बचपन

ये क्या जगह है दोस्तों, कौन-सा मुकाम है 

कि जगह-जगह,गर्दो-गुबार ही गुबार है 

बताते हैं,समझाते हैं भीमसेन जोशी 

किशोरी अमोणकर को स्मृतियों में 

ज़रा भी अपराध नहीं है सपने देखना 

देखना सपने सबूत है आदमी होने का 

सपने नहीं तो आदमी भी कहीं नहीं 

सपनों का होना,आदमी होने का सपना है 

किसी को भी घटाने से घटता है ख़ुद ही 

सच्चा-झूठा नहीं होता है देश कोई भी 

करते हैं होड़ काल से और मरते हैं बेमौत

हथियारों की होड़ ही बनाती है पागल 

और पागल आदमी देश नहीं, दुश्मन है 

किसी भी देश में, किसी भी देश का

भूल जाता है आदमी कि आदमी है वह 

नहीं किसी दूसरी दुनिया का दूसरा प्राणी

हाथ हैं दो ही उसके भी,जैसेकि अन्य 

पाँव हैं दो ही उसके भी, जैसेकि अन्य 

कान हैं दो ही उसके भी, जैसेकि अन्य 

और है एक खोपड़ी भी सभी के जैसी ही 

फिर क्यों घृणा, क्यों ईर्ष्या, युद्ध क्यों 

फिर क्यों ध्वस्त बारहखड़ी फिर-फिर 

फिर क्यों मटियामेट पानी के संकल्प 

क्यों क़त्ल किये जाते हैं फिर उड़ते पक्षी

अपनी-अपनी हद के बेहद में हैं सभी 

और अपनी-अपनी ध्वनियों के ताप में भी 

अपनी-अपनी स्वतंत्रताओं सहित निर्मल 

है नहीं जगह कम किसी की भी, कहीं भी  

जरा-सा वक्त, जरा-सी जगह है सभी की

जरा-जरा मिट्टी,जरा-जरा आग, है सभी में 

ये पृथ्वी है घर सभी का.

____________________

युद्ध का अभिप्राय.

____________________

युद्ध का अभिप्राय 

अज्ञान और अविश्वास तो है ही 

सोची-समझी मूर्खता भी कुछ कम नहीं 

जिसमें शामिल हो जाती है गाहे-बगाहे 

मूर्खों की मूर्खतापूर्ण वह आज्ञाकारिता भी 

जब कुछ अंधे, कुछ दूसरे अंधों को 

बरबस ही दिखाने लगते हैं अंधी आँखें

जहाँ छुपी होती है क्रूरताएँ और बर्बरताएँ

वे दोनों ही जो उजाड़ती हैं उजागरता से 

वह सब, वह सच जो बसाती है कविता 

बरसों बरस की यातनाओं से गुजरते हुए 

और होते हुए मनुष्य, सभी मनुष्यों के लिए 

मुक्ति के अभिप्राय में.

____________________

हारते हैं वे भी.

____________________

जिद है जीतने की सभी को 

मगर युद्ध में हारते हैं सभी के सभी 

बुलंद नहीं हो पाती हैं बंदूकें और तोपें 

बुलंद नहीं हो पाती हैं बारूदी लिखावटें भी 

और बुलंद नहीं हो पाती हैं पत्थर-हरकतें 

पानी मिटा देता है जिदें सभी और सबकी  

शांति से ही सुलगाई जाती है आग कहीं भी 

शांति से ही लिखी जाती हैं ऐतिहासिकताऍं 

शांति से ही होती है हासिल खुशबुऍं सब

भीतर ही भीतर शांति से चलते रहते हैं युद्ध 

दुनिया भर में, दुनिया भर की शांति के लिए 

हारते हैं वे भी,वे भी हर किसी युद्ध में 

जो कहलाते हैं विजेता.

____________________

कविता अब भी संभावना है.

____________________

सिर ऊपर चल रहा है जो 

पाताल की गहराइयों तक जा गिरेगा 

मरेगा एक दिन कुत्तों की मौत मरेगा 

न तो पहला है और न अंतिम युद्ध है ये 

युद्ध-दर-युद्ध होते रहे हैं, होते रहेंगे 

मिटते रहे हैं, मिटाते रहेंगे घर पक्षियों के 

जलते रहे हैं, जलते रहेंगे तक्षशिला 

फिर भी,फिर-फिर उड़ेंगी, उड़ती रहेंगी पतॅंगें

और लिखने वाले लिखते रहेंगे कविताऍं

कविता अब भी संभावना है.

____________________

फिर किया अट्टहास मृत्यु ने.

____________________

फिर किया अट्टहास मृत्यु ने

रौंदा गया लोहा फिर-फिर यहाॅं-वहाॅं 

शेष जगह कभी भी कहीं भी छोड़ी ही नहीं 

जबकि हर कोई चाहता है कि मिले जगह

धक्के खाते रहे, गुजरते रहे रँग फूलों के

धीरे-धीरे फुरसत से, फुरसत की ओर

बढ़ते रहे, बढ़ाते रहे काँटे ही काँटे राहों में 

वादे थे, झूठे थे, घृणाओं से भरे थे लबालब 

घुँघरू बजते तो थे,मगर सुनाई नहीं देते थे 

किसी के भी भीतर उठता नहीं था ज्वार

हरे-भरे के झाँसों में झूमते थे चुप-चुप सभी 

उजियारा उतना ही था,सिर्फ उतना ही 

जितना कि दीवारों की दरारों से आता था 

मुश्किल यही थी फिर भी कि जीवन था 

और कहा जाता था कि जीवन सरल था 

किंतु बार-बार कहता रहता था कवि

जो भी था,जितना भी था,जैसा भी था 

कि सब का सब झूठ था.

____________________

वक्त को रखते हुए याद.

____________________

वक्त को रखते हुए याद 

कविता को बचाने की कोशिश में 

किसी ने भी नहीं पूछा कि कहाँ है दु:ख

कहाँ-कहाँ भटकता फिरता हूँ  प्रेम के लिए 

और अकारण ही युद्ध, हर-कहीं, हर-कहीं 

रँग बोलते हैं उतना ही जितना कि हुक़्म

भूल जाती हैं हवाएँ हक अपना नैसर्गिक 

धुआँ उठता तो है, मगर आग का पता नहीं 

कोई भी जानता नहीं है जरा भी नहीं 

कि आना है, जाना है तो इधर से किधर  

जबकि सभी को बचाना है सभी कुछ 

कविता को बचाने की कोशिश में 

वक्त को रखते हुए याद.

____________________

 

  • Related Posts

    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    Spread the love

    Spread the love  सम्पादक मध्यप्रदेशः राजेन्द्र सिंह जादौन                         (नया अध्याय)   जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी…

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    Spread the love

    Spread the love  सुश्री सरोज कंसारी                                              लेखिका एवं…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    • By User
    • November 10, 2026
    • 11 views
    जब-जब रावण आता है, तब-तब राम भी आते हैं!

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 11 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 25 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    कर्मफल  (भाग 25)

    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 10 views
    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 8 views
    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।