राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
____________________
मैं हूँ अमेरिका ओव्हरकोट.
____________________
मैं हूँ अमेरिका ओव्हरकोट
दो मिनिट का वक्त होगा बहुत
बस मुझे सिर्फ दो मिनिट ही चाहिए
ईरान में युद्ध रोकने के लिए
मैं ट्रंप हूँ और मैं ऐसा कर सकता हूँ
मैं ईरान में सूर्योदय नहीं कर सकता हूँ
लेकिन भयानक अंधेरे में डूबो सकता हूँ उसे
और डूबो सकता हूँ उस हर किसी को
जो मेरे ओव्हरकोट के अंदर समाता नहीं
बस मुझे सिर्फ दो मिनिट ही चाहिए
दो मिनिट का वक़्त होगा बहुत
ट्रंप जो महाबोधि महाबली है इस वक़्त
चाहता है सिर्फ दो मिनिट ही का वक़्त
ये अभिलाषा नहीं है ट्रंप की
ट्रंप को नहीं प्रेम दुनिया से
ट्रंप की आंतरिक-दुनिया में ज़हर
ट्रंप डरता है उन सभी-सभी से
वे,जो जो,पक्षधर प्रेम के
और प्रेम-पक्ष के लिए मरने को रजामंद
ईरान सहमत नहीं अमेरिका से
अपने रास्ते बनाता है खुद
डरता नहीं, डराता नहीं
लड़ता नहीं, लड़ाता नहीं
बेहतर समझता है भीख और अभिलाषा
दो मिनिट का वक्त होगा बहुत
बस मुझे सिर्फ दो मिनिट ही चाहिए
क्या अभिप्राय इसका
क्या अभिप्राय हो सकता है इसका
क्या वाकई युद्ध बंदी की कामना है कोई
नहीं, कोई कामना नहीं
नहीं, कोई अभिलाषा नहीं
नहीं, कोई भीख भी नहीं
ये तो खुली धमकी है ट्रंप की
दो मिनिट,दो मिनिट बाद है क्या
बस मैं ट्रंप और बम.
मैं हूँ अमेरिका ओव्हरकोट.
____________________
मोहलत क्या, शिकायत क्या?
____________________
घर से बाहर आने-जाने की जिद में
जो भी गया घर से बाहर घर की तलाश में
बीत गई उम्र और फिर कभी लौटा नहीं घर
घर मिलता है उसी को जो रहता है घर में
घर में रहना कि रहना जैसे अंधे कुऍं में
नहीं पानी, नहीं नमक, नहीं उजास फिर भी
फिर भी, घर ही है एक उम्मीद, एक भरोसा
किसी एक विचार की निरंतर खोज जैसे
जो घर से बाहर है, नहीं घर में, जैसे दुनिया
इसीलिए है एक जिद, एक घर के लिए
कुछ यूँ भी कि जिंदगी मजा भी, सजा भी
और मोहलत क्या, शिकायत क्या, पता नहीं
घर से बाहर आने-जाने की.
____________________
बर्बरता भी खिलखिलाती थी.
____________________
गया नहीं उधर, जाना था जिधर
विकल्पहीनता का अंधकार था घनघोर घना
कोई रास्ता, कोई उजास नहीं था उधर कहीं
जो मुझे बचाता खो जाने से, उड़ जाने से
मैं उड़ना चाहता था और उजास की ओर
मगर मैं मुक्त नहीं था अपने ही बुने बंधनों से
काटता कैसे अपने ही हाथ, अपने ही हाथों
घंटाघर की घड़ी में बज रहे थे बारह
फिर बहने लगी हवा जिधर
बहने लगा कूड़ा-कचरा भी उधर ही
नहीं, पहाड़ नहीं बहते थे, कुछ सोचते थे
विकल्पहीनता के मौसम में अनादि अनंत
बारिश नहीं थी कहीं भी, नहीं आभास ही
था नहीं धूप जैसा ताप भी कहीं कुछ ज़रा
विद्युत-तरँगें भी भटक रहीं थीं चिंता में
शिक़ायत की किफायत थी कि पत्थर
मैं जागते हुए भी गहरी नींद सोता था
हँसती थी दुनिया, हँसता था मैं भी
बर्बरता भी खिलखिलाती थी वैसे ही
उड़ते नहीं थे पहाड़, उड़ता था कूड़ा-कचरा
विकल्पहीनता में उड़ जाती हैं तमाम चीज़ें
जिनमें भरा होता है कूड़ा-कचरा, लोहा नहीं
मैं बहता नहीं उधर, जिधर बहाती है हवा
मैं बहता हूँ उधर, जिधर हैं चिंनगारियाँ
सुलगता हूँ , सुलगाता हूँ सीनों में कविता
मैं हूँ लोहा, लेता हूँ लोहा.
____________________
निरंकुश लिपि.
________________________
मिटाता हूँ ,लिखता हूँ स्लेट पर
लिखता हूँ स्वतंत्रताएँ ,मिटाता हूँ परतंत्रताएँ
हर हाथ जाए मुँह तक रोटी लेकर
हर मुँह जाए भाषा तक बोली लेकर
हर बोली जाए दुनिया में गोली विरुद्ध
गोली जब निकलती है तो चीरती है सीना
फर्क नहीं कि सीना फिलिस्तीनी है
अथवा यहूदी या ताइवानी या कोई गैर
फर्क नहीं कि सीना अमेरिकी है
अथवा रूसी या यूक्रेनी या कोई गैर
फर्क नहीं कि सीना अफगानी है
अथवा चीनी या इराकी या कोई गैर
वे लड़ते नहीं, लड़ाते दुनिया को
बनाते हैं , बेचते हैं हथियारों का जखीरा
बेचते हैं गोला-बारूद, घृणा और छल
वे उपदेश नहीं हैं फिर भी देते हैं उपदेश
वे संत नहीं हैं फिर भी देते हैं प्रवचन
वे अपढ़ हैं फिर भी पढ़ाते हैं इतिहास
उन्होंने मान लिया है कि वे सर्वज्ञ हैं
और खुद खुदा हो जाने की निरंकुश लिपि
वे सिर्फ सवाल हैं उत्तर नहीं.
____________________
हार रहे हैं विजेता भी.
____________________
हार रहे हैं विजेता भी
वह युद्ध ही है जो हराता है सभी को
लाशों के पहाड़ पर झंडा लहराता है विजेता
अंततः विलाप करते हैं नागरिक
और अपना होना खोती हैं स्त्रियाँ
उन्हीं का बलात्कार बार-बार,वे ही शिकार
और उन्हीं के विरुद्ध भरे बाजार में लार
घर-बाहर दोनों जगह ये कैसा अत्याचार
नींद में सुरँग, सुरँग में सपने, सपनों में दु:ख
एक ने कहा ‘मैं अंधेरा कर दूँगा’
कहा तभी दूसरे ने ‘मैं प्यासा मार दूँगा’
डरे आमजन, चुप रहे, लड़ गए सनकी
सनक रह गई कायम और अल्प-विराम
युद्ध-विराम में भी होता है दक्ष-आराम
पाँच दिन, पाँच रात बाद होगा क्या, पता नहीं
कितने-कितने युद्ध जारी हैं भीतर-बाहर
पता है सभी को टेढ़ा है दिमाग़ ऊँट का
कम हुआ गोला-बारूद.
____________________







