सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
निर्णय (लघुकथा )
“इरादे गर फौलादी हों तो
चट्टानें भी टूट कर चूर होती हैं.
चलने से मंजिलें मिलती हैं मुसाफिरों,
जो कभी हमसे दूर होती हैं.”
हमारे व्यस्त जीवन में बहुत से ऐसे पल आते हैं जब हम किसी बात पर निर्णय लेते समय मान्यताओं, आदर्शों, पूर्वाग्रहों और स्वयं की सोच की वजह से भ्रमित हो जाते हैं। तब ऐसे समय में घटित घटनाऐं हमारे मन-मस्तिष्क और हृदय को ऐसे प्रभावित कर जाती हैं कि, हम स्वयं को किसी बात पर निर्णय ले सकने की स्थिति में पाते हैं। ऐसी ही एक घटना ने मेरे मजबूत विचारों को कुछ पल के लिए उद्वेलित तो किया पर मुझे एक निर्णायक स्थिति में लाने के लिए सहायक भी रही।
वहां कुली थे। बहुत सारे रेलवे स्टेशन वाले,प्लेटफार्म वाले कुली।वर्षों पुराने रीति-रिवाजों जैसा पहनावा, रुटिन और काम। कुछ भी ऐसा नया नहीं था जो उनके बारे में बताया जाए। पर यह बात जरुर थी कि, बचपन में जब कभी भी मैं कुलियों को यात्रियों का सामान उठाकर इधर से उधर आते जाते देखता था तो सोचता था कि,क्या हम अपना लगेज स्वयं नहीं उठा सकते ? क्यों इन्हें सामानों के बोझ तले दबाए जा रहे हैं। बदले में झगड़े के स्तर तक जाकर उनसे मोल भाव करते हुए। उन्हें मिनिमम मेहनताना देने कोशिश करते हैं। मुझे यह देख बहुत बुरा लगता था और उन पर तरस भी आता था। फिर भी अगर यहाँ माता-पिता, गुरुजनों द्वारा दी गई आत्मनिर्भरता और फिजूलखर्ची पर लगाम आदि की शिक्षा भी लागू न की जाए तो भी कुलियों के प्रति यात्रियों की ऐसी निर्भरता मुझे उचित नहीं लगती थी। उन पर हमारी निर्भरता जब तक बहुत जरुरी ना हो,तब तक क्या यह एक दिखावा और फिजूलखर्ची का पर्याय नहीं है ? यह प्रश्न मेरे मन में हमेशा से सभी कुलियों और यात्रियों के लिए था।
पर आज जो कुली मेरी नजरों के सामने खड़ा था वह अन्य कुलियों से अलग था। वह दिव्यांग था। उसका दाहिना हाथ, कोहनी से आगे का नहीं था। वह मुझसे पूछ रहा था।
“साब कुली लगेगा?”
मैंने उसे ध्यान से देखा। वह अपने बाएं हाथ से गमझे से माथे के पसिनों को पोंछ रहा था। चेहरा सपाट और शांत था पर उसे काम पाने की जल्दी थी। मैंने तुरंत जवाब नहीं दिया। थोड़ी देर मेरे विचारों में उधेड़ बुन चलती रही। जब यह एक हाथ के न रहते हुए भी दूसरों का बोझ उठा सकता है तो मैं खुद अपना बोझ उठाने में आलस्य या किसी भी प्रकार की हीन भावना क्यों महसूस करूं ? फिर मुझे उसकी थकान और हालत देख भीषण गर्मी में उसे कष्ट देना उचित नहीं लगा। मैंने इंकार कर दिया और वह चला गया। इस बीच ट्रेन के आने की घोषणा हो चुकी थी। मैं प्लेटफार्म नंबर चार की ओर बढ़ चला। मैं अपना सामान लेकर धीरे धीरे ब्रिज से होता हुआ प्लेटफार्म पर पहुँचा गया। ट्रेन आ रही थी। तभी मुझे ब्रिज के ऊपर वही कुली प्लेटफार्म नंबर चार की ओर आता दिखाई दिया। वह लगभग पूरी तरह लगेज से ढंका हुआ था। मैंने उसे दूर से ही पहचान लिया था। वह थोड़ी ही देर में प्लेटफार्म पर पहुँच चुका था। गर्मी से वैसे भी हालत खराब थ.ऊपर से वह सामानों का भंडार लिए वहाँ तक पहुँचा था। उसकी सांसें भरी हुई थीं। अब तक पसीने ने उसे अच्छा खासा धो दिया था। उसने बिना किसी बात चीत के यात्री का सामना वहीं छोड़ा और चेहरे पर आए पसीने को गमझे से दूर करते हुए पैसे के लिए हाथ बढ़ाया। यात्री ने उसे पैसे दिए। वह कुली मेरे सामने कुछ ही कदमों की दूरी पर था। उसने बड़े शांत भाव से पैसे लिए और अपनी जेब में रख लिए। उस वक्त मैंने उसके चेहरे पर खुशी, सुकून और संतुष्टि के वे भाव देखे जो मैं उसे न दे पाया था।
अगर मैंने उस कुली को अपना सामान उठाने दिया होता तो उसकी जिंदगी के उन लम्हों में मेरी भी सहभागिता होती। जिससे मैं आज वंचित हो चुका था। उसकी संतुष्टि ने मुझे एहसास करा दिया था कि, वह रेलवे स्टेशन किसी प्रकार की तुलना या सहानुभूति के लिए नहीं आया था। उसे काम चाहिए था। जिसका वह भी बराबरी का हकदार था। उसे भी रोजगार चाहिए था और बदले जो उसे मेहनताना चाहिए था। वह उसे स्वाभिमान के साथ मिल चुका था।सब कुछ सामान्य था। जिसका एहसास मुझे अब जाकर हो पा रहा था। मेरे विचारों में पड़ी पुरानी गांठें खुल रही थीं और अब मैं बिना किसी दुविधा के इस पूरी घटना के सामान्य स्वरुप को स्वीकार कर सकने का निर्णय ले पा रहा था। वह कुली अब वहाँ से जा चुका था।
ट्रेन आ चुकी थी। मैं ट्रेन में बैठ चुका था। ट्रेन अब चल पड़ी थी।प्लेटफार्म धीरे धीरे पीछे छूटता जा रहा था। पर यह घटना मेरे मन मस्तिष्क और हृदय पर कभी न मिटने वाली अमिट छाप छोड़ चुकी थी।







