डॉ. शंभु पंवार (वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर)
अंतरराष्ट्रीय लेखक, पत्रकार-विचारक
नई दिल्ली
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मीरा भायंदर में विशाल सखी सम्मेलन का आयोजन
————
साहित्यिक उपलब्धियों के लिए निक्की शर्मा सम्मानित
————-
नई दिल्ली: 26 जून। पूनम संत महिला एवं विकास समिति द्वारा मीरा भायंदर में मातृशक्ति के सम्मान, जागरूकता एवं सशक्तिकरण को समर्पित विशाल सखी सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम संत ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि, “यदि समाज में मातृशक्ति को सम्मान, शिक्षा और समान अवसर प्राप्त हों, तो राष्ट्र स्वतः ही प्रगति के पथ पर अग्रसर हो जाता है।” उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य को लेकर समिति महिलाओं एवं बेटियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सम्मेलन में मनोवैज्ञानिक श्रीमती पूनम मेहरा, सर्जन डॉ. सुरेखा मिचेरी तथा घरेलू हिंसा विषय की विशेषज्ञ अधिवक्ता वीना सिंह ने विशेष वक्ता के रूप में महिलाओं को स्वास्थ्य, मानसिक सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर साहित्य, खेल, स्वास्थ्य, पत्रकारिता, समाज सेवा, प्रशासन, शिक्षा एवं उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। साहित्य के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियों एवं एशिया वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर के रूप में निक्की शर्मा को विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत निक्की शर्मा ने कहा कि इस विशाल सखी सम्मेलन का हिस्सा बनना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं गौरवपूर्ण अनुभव रहा। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम संत, समिति के सभी पदाधिकारियों तथा मीरा रोड सखी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को जागरूक, संगठित और सशक्त बनाने वाले ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
———–








