डॉ0 हरि नाथ मिश्र
पूर्व विभागाध्यक्ष-अँगरेजी,
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
जाने कब बरसे?
दिखे बरसता सावन झम-झम,
पल-पल वन-उपवन में।
जाने कब बरसेगा सावन,
सजनी के जीवन में??
सदा बहाती रहती आँसू,
सेज सजाकर सजनी।
कोमल सेज डसे नागन सम,
काटे कटे न रजनी।
रात-दिवस गिनती उँगली पर,
रहती वह चिंतन में।।
जाने कब बरसेगा सावन……..??
जब-जब बहे पवन पुरवाई,
विरह-अगन झुलसाए।
रहे भरा गुलशन फूलों से,
किंतु न वह महकाए।
तन-मन झुलसे उसका पल-पल,
पीर दिखे चितवन में।।
जाने कब बरसेगा सावन……….??
मेघ बुझाए प्यास धरा की,
ऋतु लेती अँगड़ाई।
मस्त बहारें अति प्रिय लगतीं,
उसे लगें दुखदाई।
सहकर असहज पीर कहे वह,
कभी न सुख अनबन में।।
जाने कब बरसेगा सावन………..??
पथ पथरीला पिया-देश का,
कोमल पग हैं उसके।
फिर भी होते मिलन उन्हीं के,
सच्चे प्रेमी जिनके।
ऐसी सोच लिए वह शायद,
पड़े नहीं उलझन में।।
जाने कब बरसेगा सावन……….??







