डॉ0 हरि नाथ मिश्र
(पूर्व विभागाध्यक्ष-अंग्रेजी)
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
मुक्तक
चंद्रयान का तीसरा, सफल हुआ अभियान।
करे विश्व यह घोषणा, भारत राष्ट्र महान।।
प्रशंसनीय उपलब्धि यह, है संकेत विकास।
कण-कण भारत का कहे, बढ़ी हमारी शान।।
काव्य-कल्पना का लगे, बदला अब प्रारूप।
‘चंद्रमुखी’ उपमान का, बिगड़ा रूप अनूप।।
कवि के कोमल भाव पर, हुआ तुषारापात।
कुसुम-कली मूर्छित गिरे, जैसे पा रवि-धूप।।
अब तो कवि की लेखनी, निश्चित करे बखान।
भारत के उत्थान में, योगदान विज्ञान।।
अभिनंदन उस सोच का, जिससे हो उत्कर्ष।
भरता भारत ही रहे, नित-नित नवल उड़ान।।
‘लैंडर विक्रम’ संग मिल,शुभ ‘रोवर प्रज्ञान’।
चंद्र दक्षिणी चूम कर, किया सफल अभियान।।
भारत के विज्ञान की, जमी विश्व में धाक।
फहर तिरंगा गर्व से, दिया अमिट पहचान।।







