संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आशा पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता शिविर, छात्रों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम।
कन्नौज: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को आशा पब्लिक स्कूल, तिर्वा रोड में यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी यातायात मयंक मिश्रा के नेतृत्व में टीएसआई आफाक खान ने विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्य के सहयोग से छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी।
शिविर में विद्यार्थियों को डोरिंग एक्सीडेंट और टेलगेटिंग एक्सीडेंट से बचाव के उपाय बताए गए। सड़क पर वाहन खराब होने की स्थिति में रेट्रो रिफ्लेक्टिव ट्रायंगल के प्रयोग की जानकारी देने के साथ ही एचएसआरपी नंबर प्लेट की विशेषताओं और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर लगने वाले जुर्माने के बारे में भी बताया गया।
छात्र-छात्राओं को वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में यातायात संबंधी प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से नशे में वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को इसके महत्व और उपयोगिता की जानकारी दी गई।







