मदन मोहन उपाध्याय, 30 वीं वाहिनी पीएसी गोंडा,
उत्तर प्रदेश।
गीत
दर दर प्यासे भटक रहे हैं , विश्वासों के पानी खातिर
हमें हमारे ही हितकारी जलाशयों ने बहुत छला है।
मैं औ तुम के हम होने में मैं और तुम ही प्रणय बंध थे।
और किसी के साक्षी होने के प्रश्नों से परे छंद थे।
फिर कैसे मनबद्ध प्रतीक्षा प्रामाणिक आलंब हो गयी।
एक अंगूठी खो जाने से लौटी कैसे शकुंतला है?
हम उलझे नैतिक भाषा में ईमानों की पढ़ी कहानी।
मगर धरातल पर झेले हैं निहित स्वार्थ की ही मनमानी।
जब जिससे हम छले गये हैं उसको तब अपवाद ही समझा
हम उसमें ही रम न पाए ठगने की जो लोककला है।
मैं तो दोषी ढूढ़ रहा हूँ, दैव है दोषी या हम खुद हैं।
आलंबन पर आश्रित जीवन, संशय के व्यापक अंबुद हैं।
मर्त्यलोक के नियम निभाएं या विरागवश दैवसाधना
इन दोनों में चयन प्रश्न का अंतस से ये मुकाबला है।।









