डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
राजनीति और नेता
(दोहे)
राजनीति की नीति तो, हुई घिनौनी आज।
चोर-लुटेरे बन गए, राजनीति-सरताज।।
इनकी कथनी का नहीं, करनी से हो मेल।
बस क़ायम सत्ता रहे, करें तिकड़मी खेल।।
दल-बदलू ये नंबरी, इनका नहीं उसूल।
जिस दल में वे आज हैं, कल जाते हैं भूल।।
असली नेता आज का, रहे जेल में बंद।
सुख-सुविधा लेकर वहीं, करते भाग्य बुलंद।।
कुछ तो इतने गिर गए, करें असह्य प्रहार।
टुकड़े-टुकड़े गैंग के, ये हैं खेवनहार ।।
राष्ट्र-हितैषी योजना, जब भी करती काम।
उसमें बाधा डाल ये, देते उसे विराम।।
वोट-बैंक का खेल गढ़, चलते गंदी चाल।
केवल वर्ग विशेष की, बनते हैं नित ढाल।।
फिर भी जन कहते इन्हें, माननीय भरपूर।
रहें चेतना -शून्य ये, खाए भाँग – धतूर ।।
राजनीति की नीति को, अब तो बदलो यार।
नीति शुद्ध-गरिमामयी, करती बेड़ा पार ।।









