संजय एम. तराणेकर,
(कवि, लेखक व समीक्षक) इंदौर (मध्यप्रदेश)
हे पिता, क्यों हो गए मुझसे जुदा!
हे पिता, इतनी जल्दी क्यों हो गए मुझसे जुदा,
मैं भी तो आपकी बहुत-सी बातों पर था फिदा।
मैंने सीखा था आपसे उंगली पकड़कर चलना,
आपका गोद में उठाकर मुझे ऊपर उछालना!
फिर माँ का धक्क रहकर घबराकर चिल्लाना।
हे पिता, इतनी जल्दी क्यों हो गए मुझसे जुदा,
मैं भी तो आपकी बहुत-सी बातों पर था फिदा।
मेरा बीमार होना, माँ के साथ “रतजगा” करना,
मेरी गलती होने पर मारने का अभिनय करना!
किसी से विवाद होने पे मेरे साथ खड़े हो जाना।
हे पिता, इतनी जल्दी क्यों हो गए मुझसे जुदा,
मैं भी तो आपकी बहुत-सी बातों पर था फिदा।
याद आता है विद्यालय आकर टिफिन दे जाना,
नौकरी से छुट्टी लेकर मुझे घर पर छोड़ आना!
शाम होते आपका आना और मेरा लिपट जाना।
हे पिता, इतनी जल्दी क्यों हो गए मुझसे जुदा,
मैं भी तो आपकी बहुत-सी बातों पर था फिदा।
वह दाढ़ी करना, साबुन से मेरे गाल पर लगाना,
साइकिल के डंडे पे छोटी सीट लगाकर बिठाना!
मेरे थक जाने पर गोद में उठा, कंधे पर ले लेना।
हे पिता, इतनी जल्दी क्यों हो गए मुझसे जुदा,
मैं भी तो आपकी बहुत-सी बातों पर था फिदा।
याद आती है अब भी आपकी एक-एक अदा,
हे ईश्वर एक बार फिर कर दे मिलाने का वादा!
मैं जब कभी जन्म लूं, मेरे पिता वहीं रहें सदा।









