ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
क्वारब में पांच नवंबर तक रात में बंद रहेगा यातायात।
रात नौ बजे से सुबह छः बजे तक प्रतिबंधित रहेगी वाहनों की आवाजाही।
अल्मोड़ाः क्वारब में एक बार फिर से रात में बंद कर दिया है यातायात। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने कहा कि एनएच पर रात्रि में यातायात बंद करना जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि राज मार्ग पर पांच नवंबर तक रात नौ बजे से सुबह छः बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। उक्त स्थान पर लगातार पहाड़ी दरक रही है इसलिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया है। इस बीच त्यौहार के कारण यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ रही है और इस स्थान पर बार बार जाम लग रहा है जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एनएच रानीखेत के अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कहा कि दीपावली के अवसर पर दिन रात वाहनों की भारी भीड़ रहती है, ऐसे में रात में कार्य करना संभव नहीं है। इसलिए रात में सड़क पर यातायात को बंद कर दिया जाए। इस पर जिलाधिकारी ने उक्त आदेश जारी किया है।







