लेखिका/कवयित्री
सुश्री सरोज कंसारी
नवापारा राजिम, छत्तीसगढ़।
आलेख
————–
कलम आवाज हैं सामाजिक अव्यवस्था के विरुद्ध-
कसम एक विश्वास हैं, निष्ठा हैं अपने कार्य को पूर्ण करने का–
जल्दबाजी में उठाएं कदम का परिणाम भयंकर होता हैं-
मायूस किसी हालातो में न होना
अल्फाज़ो से जीने की वजह देना
दर्द की लकीरों को मिटाते चलना
उत्साह के फूल खिलाते ही रहना।
किसी व्यक्ति की मनोदशा का पूर्णतया आंकलन करना शायद संभव नही। किसी के बारे में हम सिर्फ अंदाजा लगा सकते हैं, क्योंकि सबकी जिंदगी की एक अलग जीवन शैली हैं। अपनी परिस्थिति के अनुसार अपनी भूमिका निभाते हैं और जीवन निर्वहन के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। सामने वाला कब किस सोच में हैं, किस दर्द से गुज़र रहा हैं, क्या परेशानियां हैं ? कह नहीं सकते इसलिए किसी को भला बुरा कहने से पहले एक बार अवश्य सोचें। हम जो कहने जा रहे हैं क्या वह सही हैं ? जुबान से कही गई हर बात का हर कोई एक ही अर्थ निकाले जरूरी नहीं। तोल कर ही बोलना इसका तात्पर्य हैं -बहुत ही सोच विचार कर किसी बात को व्यक्त करना । जो बात किसी की भावनाओं को ठेस पहुचाएं उसे नहीं कहना चाहिए। कई लोगों की आदत भी होती हैं मजाक के लहजे में कहने की लेकिन याद रखिए! आप मजाक कर रहे हैं क्योंकि आपके पास उसके अनुकूल परिस्थिति हैं, आप खुश हैं पर जरूरी नहीं की जिससे आप कह रहे हैं वह भी मजाक के मूड में है। जीवन की दौड़ में विभिन्न मानसिक समस्याओं से ग्रसित होते हैं लोग। कम लेकिन हृदय स्पर्शी बातें कहो, शब्द से ही कई विवाद होते हैं और महाभारत का सूत्रधार भी कटु शब्द ही हैं।
लिखी हुई बातें भी हमारे मन-मस्तिष्क को प्रभावित करती हैं। हमारे प्राचीन धर्मग्रंथ आज भी लोगों के मन में भक्ति भाव संचार करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं जिससे सद्व्यवहारी बनने और नित्य नेक कर्म करने की सीख मिलती हैं। महापुरुषों की जीवन गाथा व साहित्यकारों के सृजन हमेशा से ही अंधेरी राह में उम्मीद रूपी दीपक बन पथ प्रशस्त करते हैं।
कलम आज के युग में सबसे मजबूत हथियार हैं हर अत्याचार से लड़ने का, यह एक आवाज हैं सामाजिक- राजनीतिक, पारिवारिक- आर्थिक व धार्मिक अव्यवस्था के विरुद्ध । अखबार के माध्यम से देश- दुनिया में हो रही गतिविधियों को हम जानते हैं, उसे पढ़कर अपना विचार व्यक्त करते हैं, किसी समस्या पर समाधान के लिए मंथन करते हैं। कहा जाता हैं- कलम चलती तो खामोशी से हैं, पर शोर चारों दिशाओं में करती हैं, ठोस प्रहार करती हैं यह रिश्वतखोरी- बेईमानी, ठगी-घूसखोरी, चोरी-डकैती, दंगे-फसाद मारपीट व झगड़े की घटनाओं पर कहां क्या अमानवीय कृत्य हो रहे ? सभी दिशा को खंगाल कर झूठ का पर्दाफाश कर सच को सामने रखा जाता हैं। एक निर्भीक- साहसी ईमानदार और लोक हितैषी पत्रकार मीडियाकर्मी देश- दुनिया में हो रहे हर बुराई पर अंकुश लगाने के लिए सतत- सजग और सतर्क रहते हैं। एक पल में कोई भी खबर पूरी दुनिया में फैल जाती हैं, इसलिए कहा जाता हैं- कलमकार को निज स्वार्थ से ऊपर उठकर कार्य करना चाहिए, किसी के दबाव में आकर अपराध को छुपाने में मदद नहीं करनी चाहिए। कलम के जरिए ही हम अपनी मन की बात को सही तरीके से व्यक्त कर सकते हैं। एक साहित्यकार भी मन में उठ रहे अंतर्द्वंद को कविता-कहानी, लेख, संस्मरण- लघुकथा, गीत- गजल और भी विभिन्न विधाओं में लिखते हैं जिससे पाठक वर्ग को प्रेरणा मिलती हैं, सकरात्मक ऊर्जा मिलती हैं, भटके हुए मानव मन को एक सही दिशा मिलती हैं। कलम जब भी चले हमेशा जनकल्याण के भाव से ही चले। हम जो लिखते हैं, उसमें सच्चाई हो क्योंकि कलम किसी जाति- मजहब, धर्म- भाषा की गुलाम नहीं। बहुत सोच- समझकर ही लिखे और कलम का हमेशा सदुपयोग करें, जिससे विशाल जनसमुदाय को लाभ मिले।
एक बहुत ही प्रेरक बातें जो सदियों से दोहराई जा रही हैं “रघुकुल रीति सदा चली आई प्राण जाई पर वचन न जाई”। आज हम लोगों की प्रवृति बन गई हैं हर बात पर कसम खाने की, जिसका अर्थ शायद हम समझ नहीं पाते लेकिन बोलचाल के रूप में प्रयोग जरूर करते हैं।कसम एक प्रतिज्ञा हैं अपने दिए गए वचन पर अडिग रहने का, उसे हर हाल में पूर्ण करने की एक लगन हैं, निष्ठा हैं इसे किसी भी परिस्थिति में नही तोड़ना चाहिए भले ही इसके लिए प्राण क्यूँ न चली जाएं।जब हम किसी बात को पूर्ण करने की कसम खा लेते हैं इसकी गवाही हमारी अंतरात्मा होती हैं जिससे हमारा विश्वास जुड़ जाता हैं। जिसे हम अगर हर बाधा को पार कर पूर्ण कर लेते हैं तो हमारे व्यक्तित्व की जीत होती हैं। लोगों के आस्था की जीत होती हैं। कसम से दुगुनी ऊर्जा मिलती हैं, बहुत विचार के बाद ही कसम लें उसे पूर्ण करें।
जीवन का पथ सहज नहीं कठिन होता हैं। सांसारिक जीवन व्यतीत करते हुए कभी मन प्रसन्न तो कभी दुखी हो ही जाता हैं। हमेशा एक सी परिस्थिति नहीं होती, किसी की बातें दर्द बन चूभती हैं तो कभी कोशिश के बाद में भी असफलता का सामना करना पड़ता हैं। जो संघर्ष की भट्टी में तपते हैं उन्हें अनमोल खजानें के रूप में अनुभव मिलते हैं। सहज रूप से जीवन यापन के नए आयाम मिलते हैं जिससे वे मजबूत बन जाते हैं और मुश्किलों का सामना करने की असीम शक्ति मिलती हैं। जो कम समय में अधिक पाना चाहते हैं, सफलता के लिए शॉर्टकट अपनाते हैं वे अक्सर उत्तेजित हो जाते हैं। कार्य पूर्ण न होने पर परेशान हो जाते हैं और कोई भी कदम उठा लेते हैं बिना सोचें ।लिए गए जल्दबाजी के फैसले का परिणाम कभी-कभी बहुत भयंकर होता हैं और सिर्फ पछतावा ही रह जाता हैं । बिना सोचें- समझें, बड़ों की सलाह लिए बिना कोई कदम नहीं उठाना चाहिए।
अपने व्यक्तित्व के निर्माता हम स्वयं ही हैं। हर छोटी-बड़ी बात का असर जीवन में होता हैं, जरा सी लापरवाही जिंदगी में भयंकर आँधी-तूफान बन जाते हैं। कभी भी गुस्से में या अति उत्साही होकर निर्णय नहीं लेना चाहिए। कलम- कसम और कदम जीवन के अहम पहलू हैं, जिससे भावी जीवन का निर्णय होता हैं। जो गलत हैं उसे लिखें नहीं, झूठी कसमें खाने से बचें और कदम उठाने से पहले उसके परिणाम पर एक नजर अवश्य डालें। कलम- कसम और कदम सोच समझकर ही उठाएं।
कलम मेरी यूँ ही चलते रहना,
कभी कहीं पर भी न थमना।
एहसास को सभी के स्पर्श करना,
जो हैं सच उसे ही सदा बयां करना।। “”””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””””







