संवाददाता अल्मोड़ाः दिनेश भट्ट।
दिल्ली की घटना के बाद जारी हुआ महत्वपूर्ण संदेश
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने किया जागरूकता पत्रक का विमोचन
अल्मोड़ाः आज25 नवम्बर। दिल्ली की हालिया घटना के बाद प्रदेश में जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी द्वारा तैयार महत्वपूर्ण संदेश-पत्रक का विमोचन आज माननीय केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा के कर-कमलों से किया गया।
विमोचन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि राजीव गुरुरानी की यह पहल समाज के लिए अत्यंत सार्थक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उस आह्वान को आगे बढ़ाती है, जिसके तहत देश के हर नागरिक तक सतर्कता और सुरक्षा का संदेश पहुँचाना आवश्यक है।
पत्रक में उल्लेख किया गया है कि भारत आज तेजी से विकास के मार्ग पर अग्रसर है—
युवा नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं, किसान देश की रीढ़ बन रहे हैं,
और वैज्ञानिक अंतरिक्ष व तकनीक के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।
लेकिन इसी बीच देशविरोधी और असामाजिक तत्व शांति, एकता और विकास को नुकसान पहुँचाने के लिए सक्रिय हैं। कई बार ये गतिविधियाँ आम नागरिकों की आँखों के सामने ही होती हैं, लेकिन पहचान न होने के कारण वे अनदेखी रह जाती हैं।
पत्र में यह भी चेताया गया है कि उत्तराखंड भी अब सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल की गतिविधियों से पूरी तरह अछूता नहीं है। हाल ही में पिथौरागढ़ की एक महिला और देहरादून के एक चिकित्सक के संपर्क ऐसे तत्वों से जुड़ने की जानकारी सामने आई है, जिसे भविष्य के लिए “खतरे की घंटी” बताया गया है।
राजीव गुरुरानी ने पत्रक में संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए कुछ प्रमुख संकेत भी बताए हैं—
कोई व्यक्ति बिना स्पष्ट काम के अचानक अधिक धन खर्च करने लगे।
नया किरायेदार अपनी सही पहचान बताने से बचे।
बार-बार फ़ोन पर छुपकर दूसरी भाषा में बात करना।
रात में असामान्य हरकतें या आवाजाही।
संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार संपर्क रखना।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि ऐसी कोई गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत टोल-फ्री नंबर 112 पर सूचना दें।
सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि
“आपकी एक छोटी सी सूचना कई निर्दोष जिंदगियाँ बचा सकती है।
एक कदम—एक कॉल—एक सतर्कता बड़ा हादसा रोक सकती है।”
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर देश और देवभूमि उत्तराखंड को सुरक्षित रखने में सहयोग दें।







