संवाददाता कानड़ः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
तीन दिवसीय सम्मेलन में धर्म, संस्कृति, महिला व युवा सशक्तिकरण पर हुआ मंथन
भोपाल में संपन्न प्रांतीय आर्य महासम्मेलन में काशीराम आर्य हुए सम्मानित।
कानड़ः मध्य भारतीय आर्य प्रतिनिधि सभा, भोपाल के तत्वावधान में राजधानी भोपाल में 21, 22 एवं 23 दिसंबर को आयोजित प्रांतीय आर्य महासम्मेलन भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस महासम्मेलन में प्रदेशभर से आर्य समाज के विद्वान, संत, समाजसेवी, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। सम्मेलन में आगर मालवा जिले से भी प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
सम्मेलन के दौरान आर्य समाज का परिचय, वेद सम्मेलन, महिला सम्मेलन, युवा सम्मेलन एवं राष्ट्र व संस्कृति गौरव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक दिन का शुभारंभ योग, आसन एवं प्राणायाम सत्र से हुआ।
काशीराम आर्य को मिला विशेष सम्मान
प्रांतीय आर्य महासम्मेलन के दौरान कानड़ के आर्य समाज के विद्वान प्रचारक काशीराम आर्य ‘अनल’ को समाज में उनके अनुकरणीय कार्य, वैदिक विचारधारा के प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक जागरूकता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। काशीराम आर्य को यह सम्मान मिलने पर जिले के आर्य समाजजनों एवं अनुयायियों में आर्य वीर दल में हर्ष का वातावरण रहा।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत रहे मुख्य अतिथि-
23 दिसंबर को आयोजित मुख्य सत्र में गुजरात एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वैदिक जीवन मूल्यों, नैतिकता एवं संस्कारों को समाज की आधारशिला बताते हुए आर्य समाज की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
महिला एवं युवा सम्मेलन रहे आकर्षण का केंद्र- –
महिला सम्मेलन में महिलाओं की शिक्षा, स्वावलंबन एवं सामाजिक भूमिका पर विचार रखे गए। वहीं युवा सम्मेलन में युवाओं में बढ़ते तनाव, अनुशासन, नैतिकता एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर सार्थक चर्चा की गई। वेद सम्मेलन में विद्वानों ने वेदों को मानवता का आधार बताते हुए वैदिक सिद्धांतों के पालन पर जोर दिया।
सकारात्मक संदेश के साथ संपन्न हुआ सम्मेलन
सांस्कृतिक सत्रों में भजन, प्रवचन एवं प्रस्तुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। मध्य भारतीय आर्य प्रतिनिधि सभा आयोजक मंडल द्वारा सभी अतिथियों का सम्मान किया गया, तथा सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
तीन दिवसीय यह महासम्मेलन सनातन धर्म, वैदिक संस्कृति एवं समाज सुधार के संकल्प के साथ संपन्न हुआ, जिसने समाज में सकारात्मक संदेश दिया। साथ ही आगर मालवा जिले के काशीराम आर्य अनल को मिला सम्मान जिले के लिए गौरव का विषय बना।







