संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
कलेक्टर श्रीमती यादव ने की जनसुनवाई, आमजन की समस्याओं पर दिए त्वरित निर्देश।
आगर-मालवा: कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव द्वारा जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर द्वारा प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ किया जाए। जनसुनवाई में एसडीएम श्री सर्वेश यादव, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती किरण बरबड़े, श्री प्रेमनारायण परमार, श्री कमल मंडलोई एवं समस्त तहसीलदार व जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील आगर के ग्राम तारबर्डी निवासी गीताबाई पति लक्ष्मण ने वृद्धा पेंशन योजना का लाभ दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदिका ने बताया कि वह गरीब परिवार से है एवं वृद्धा पेंशन हेतु आवेदन करने के बावजूद अब तक पेंशन प्रारंभ नहीं हुई है। इस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत आगर को आवेदन का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बड़ा गवली पुरा आगर निवासी संतोषबाई ने शासकीय योजना अंतर्गत आवासीय पट्टा प्रदान किए जाने हेतु आवेदन दिया। ग्राम सेमलखेड़ी निवासी मांगूनाथ पिता शंकरनाथ ने गांव में स्थित बिजासन माता मंदिर में पुजारी नियुक्त करने एवं मंदिर को शासकीय मंदिर के रूप में दर्ज करने हेतु आवेदन दिया, आगर निवासी बालूसिंह ने खाद्यान्न पर्ची में नाम जुड़वाने, ग्राम खैरिया सोयत निवासी श्यामलाल ने विक्रय की गई कृषि भूमि की रजिस्ट्र्री उपरान्त क्रेता द्वारा बकाया राशि नहीं देने और भूमि का नामांतरण करवाकर ठगी करने और ग्राम नरवल निवासी रामचन्द्र ने भूमि का बंटवारा करवाने हेतु आवेदन दिया। इसी तरह जनसनुनवाई में विभिन्न समस्याओं को लेकर 59 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर द्वारा आवेदन संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।







