सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री एवं लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख
‘मन वह उपवन है जहाँ विचारों के बीज फलते-फूलते हैं। यदि बोओगे कड़वाहट की मानसिकता, तो मधुर फलों की आस मत रखना’ : सुश्री सरोज कंसारी।
————————————–
प्रत्येक मनुष्य में जीवन की विविध समस्याओं को सहने और उसे आनंदमय बनाने की पूर्ण क्षमता होती है। जिंदगी के हादसे हमें उस मोड़ पर भी ले जाते हैं, जहाँ हम कभी जाना नहीं चाहते। मनुष्य के मन की बदलती विचार-शैली हमें हर पल एक नई प्रेरणा देती है। जीवन का हर पल सुख-समृद्धि, शांति-सुरक्षा, व्यक्तित्व के विकास और इन साँसों में अपनत्व का एहसास भरने के लिए होता है। परंतु समय पर सचेत न होने, अति भावुकता और घबराहट के कारण हम अवसरों का लाभ नहीं ले पाते। हम जानते हैं कि हमारे लिए सही और गलत क्या है, फिर भी परिस्थितियाँ ऐसी बन जाती हैं कि हम अपने विवेक का पूर्ण उपयोग नहीं कर पाते। यह वास्तविकता है कि मानसिकता एक जैसी नहीं होती। सुख-दुख की प्रक्रिया से गुजरते हुए भावनाएँ स्थिर नहीं रहतीं, परंतु हमें हर वक्त संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता होती है। एक सीमा तक सब कुछ ठीक करने की कोशिश सभी करते हैं, किंतु अति होने पर मानसिक बोझ के कारण हम सही निर्णय लेने में असमर्थ हो जाते हैं। हम हर समय सरल, सहज और सुखी नहीं रह सकते; कभी-कभी विपरीत हालात हमें कमजोर बना देते हैं।
करुणा से भरे मन में दूसरों की तकलीफ को समझने की पूर्ण क्षमता होती है, जबकि नफरत से भरे मनुष्यों में मानवीय संवेदनाओं की कमी होती है, जिसके कारण वे हमेशा विवाद और झगड़ों को बढ़ावा देते हैं। यह जानते हुए भी कि अमानवीय व्यवहार का हमारे आत्मीय जनों पर नकारात्मक असर होता है, हमें सचेत रहना चाहिए। अपनी समस्त शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक ऊर्जा का सही समय और सही स्थान पर उपयोग कीजिए, अन्यथा जीवन अंधकारमय हो जाएगा। जब तक आप आगे बढ़ने और जीवन में खुशियों के रंग भरने के प्रयास करते रहेंगे, तभी तक रास्ते मिलते रहेंगे। जिस दिन आप सुप्त (निष्क्रिय) हो जाएंगे, उसी दिन खुद को निर्बल पाएंगे। सामंजस्य और आपसी सहयोग से हर कार्य कीजिए। सुख की तलाश में इधर-उधर मत भटकिए। अपने अंतर्मन में झाँककर लोभ-मोह, भोग-वासना, शोक-संताप, क्रोध-घृणा, बैर और ईर्ष्या को जड़ से दूर करने की कोशिश कीजिए। अपनी कमियों को जानना, उन्हें स्वीकार करना और सुधार के उपाय करना ही प्रगति के पथ पर अग्रसर होने का पहला कदम है। दुख से निकलने का सबसे आसान मार्ग यह है कि अतीत के पन्ने पलटकर अफसोस में डूबे रहने के बजाय, अपने जीवन का नया अध्याय प्रारंभ कीजिए। हर किसी के प्रति आत्मीय अनुभूति रखिए। मन की पीड़ा को हम दूसरों के प्रति सद्भाव रखकर कम कर सकते हैं। लोगों के अच्छे व्यवहार और अच्छी यादों को हृदय में संजोकर रखिए, उनसे सीखिए और अपनत्व के भाव को महसूस कीजिए। हर किसी की भावनाओं का सम्मान करना ज़रूरी है, लेकिन किसी के अंधभक्त मत बनिए। हर जगह समझदारी से काम लीजिए। जीवन के हर डगर पर मजबूत मन का होना अनिवार्य है। मन रूपी धरा पर मानसिकता के बीज ही नियति का निर्धारण करते हैं। जैसे विचार, वैसा जीवन।
—————————————-







